आसाराम पर अब तक सवा 7 करोड़ रुपए खर्च कर चुकी है सरकार!

नाबालिग से रेप के दोषी करार आसाराम पर पिछले करीब 5 साल में राज्य सरकार अब तक करोड़ों रुपए खर्च कर चुकी है. यह खर्च उसकी सुरक्षा व्यवस्था पर हुआ है. एक अनुमान के अनुसार, पिछले 52 महीनों में सरकार के सवा सात करोड़ खर्च हो चुके हैं.
अधीनस्थ न्यायालय में सुनवाई के दौरान आसाराम को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान पुलिस के आला अधिकारी से लेकर सिपाही तक करीब 50 लोगों का लाव लश्कर आसाराम के इर्द-गिर्द होता है. आसाराम को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान कितने रुपए सरकार के खर्च हो जाते हैं इस बात की पड़ताल में यह अनुमानित खर्च का आंकड़ा सामने आया है.
दरअसल, आसाराम को जब कोर्ट लाया जाता है तो आसाराम से पहले करीब 20 सिपाही कोर्ट परिसर में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं. वहीं जब आसाराम जेल से बाहर निकलता है तो आसाराम की गाड़ी में करीब 20 सुरक्षाकर्मी उसके साथ होते हैं. आसाराम की गाड़ी के आगे एक चेतक चलती है, जिसमें करीब 5 कर्मचारी होते हैं. वहीं आसाराम की गाड़ी के पीछे भी चलती है उसमें भी करीब 5 पुलिस के जवान होते हैं. कुल मिलाकर आसाराम को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान आला अधिकारी से लेकर सिपाही तक करीब 50 लोग पेशी पर लग जाते हैं.
अब यदि कोई व्यक्ति पुलिस से सुरक्षा लेने के लिए एक सिपाही को हायर करता है तो उसे 1 दिन के 3000 देने पड़ते हैं वहीं थाना अधिकारी स्तर के कर्मचारी को लेने के लिए दिन के साढ़े हजार रुपए देने पड़ते हैं. आसाराम को एक साल में करीब 100 दिन पेश किया गया. इस हिसाब से आसाराम की 1 साल की पेशी के दौरान सरकार के करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुए.
आसाराम को कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान पिछले पौने पांच सालों में लगभग सवा सात करोड़ रुपए आसाराम की सुरक्षा में खर्च हो गए. सबसे बड़ी बात यह है कि पेशी के दौरान जलने वाले डीजल और पेट्रोल का खर्चा इसमें नहीं जोड़ा गया है.
