आसाराम रेप केस की पीड़िता की नहीं हो रही शादी, छलका पिता का दर्द
![]()
आसाराम को नाबालिग से रेप मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है. लेकिन उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रह रहे पीड़िता के परिवार को आज भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. घटना के वक्त 16 साल की रही लड़की अब 21 साल की हो गई है, परिवार वाले उसकी शादी की कोशिश कर रहे हैं.
पीड़ित लड़की के पिता ने बताया है कि बड़ा बेटा 25 का हो गया है और बेटी 21 की. वे दोनों की शादी के लिए बात कर रहे हैं, लेकिन कोई राजी नहीं हो रहा है. पीड़िता के पिता ने कहा- 'मुकदमे का पता चलते ही लोग डर से घर के दरवाजे बंद कर लेते हैं. कुछ लोगों ने ये भी कहा कि बेटी में दाग है
पीड़िता के परिवार की सुरक्षा के लिए घर के पास पुलिस चौकी बनाई गई है. लेकिन लड़की के पिता ने कहा कि जब लोग मिलने आते हैं तो बाहर पुलिस को देखकर डर जाते हैं. पिता ने बताया कि जो भी उनकी बेटी से शादी के प्रस्ताव लेकर आता है या तो विधुर होता है या फिर अधिक उम्र का पुरुष
मुकदमे की वजह से लड़की की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है. पिता ने कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद उनकी बेटी ने बीए सेकंड ईयर की परीक्षा दी है और 85 फीसदी नंबर हासिल किए हैं.
पीड़िता के पिता ट्रांसपोर्टर हैं. मुकदमे के दौरान उनका बिजनेस भी प्रभावित हुआ था. केस के खर्चे के लिए उन्हें अपना ट्रक भी बेचना पड़ा.
पिछले सप्ताह स्वयंभू 'भगवान' आसुमल हरपलाणी उर्फ आसाराम को जोधपुर कोर्ट ने नाबालिग लड़की से रेप के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. आसाराम के अलावा जुर्म में आसाराम के दो सहयोगियों शिल्पी और शरतचंद्र को भी दोषी ठहराया गया था और उन्हें 20-20 साल की सजा दी गई थी.
साल 2013 में आसाराम के खिलाफ यूपी के शाहजहांपुर की रहने वाली एक लड़की ने रेप का आरोप लगाया था. आसाराम को दो-दो आजीवन कारावास और 12 वर्ष 6 माह के कठोर कारावास की कुल सजा मिली थी. उस पर कुल 3 लाख 2 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था.
