इंटरकास्ट मैरिज: पीड़ित युवती ने कहा वह गर्भवती नहीं

अहमदाबाद | जिले के वरमोर में इंटरकास्ट मैरिज का विरोध करते हुए दलित युवक की हत्या कर दी गई थी| 8 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था, जिसमें 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है| दलित युवक से शादी करनेवाली युवती भी मिल गई और उसने स्पष्ट किया है कि वह गर्भवती नहीं है|
दरअसल अहमदाबाद जिले की मांडल तहसील के वरमोर गांव में रहनेवाली युवती ने कच्छ के गांधीधाम के निवासी हरेश सोलंकी के साथ प्रेम विवाह किया था| राजपूत युवती के दलित युवक से शादी करना परिवार को गंवारा नहीं था| जिससे युवती के परिवार ने हरेश सोलंकी को वरमोर बुलाया और उसकी हत्या कर दी थी| हत्या के इस मामले में पुलिस अब तक युवती के पिता दशरथसिंह झाला समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है| युवती का चचेरा भाई अब भी फरार है| हरेश सोलंकी की हत्या के बाद से लापता युवती पुलिस को मिल गई है और उसने अपनी माता के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की है| पुलिस को दिए बयान में मृतक हरेश सोलंकी की पत्नी ने स्पष्ट किया है कि वह गर्भवती नहीं है| हरेश सोलंकी की हत्या बाद कहा जा रहा था कि वह दो महीने की गर्भवती है| लेकिन युवती ने इस बात से साफ इंकार कर दिया है| युवती गर्भवती है या नहीं इसके लिए पुलिस उसकी मेडिकल जांच कराने का फैसला किया है|

Leave a Reply