इंदौर को मिली मेट्रो ट्रेन की सौगात : मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास

इंदौर। आज इंदौर में एमआर 10 कुर्मेडी के पास मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सुबह कुदाली चलाकर 75 सौ करोड़ की लागत से मेट्रो ट्रेन परियोजना का शिलान्यास किया। शिलान्यास के बाद अब इंदौर को अन्य बड़े शहरों की तरह मेट्रो ट्रेन की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन किया । इस अवसर पर मंत्री जयवर्धन सिंह, बाला बच्चन, तुलसी सिलावट और सज्जन सिंह वर्मा के साथ इंदौर के सांसद शंकर लालवानी उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार मेट्रो का पहला चरण साढे हजार करोड़ रुपए का अमल में लाया जा रहा है । इसके तहत 31.5 किलोमीटर रूट तैयार किया जाएगा।
कंपनी ने दावा किया है कि 2023 तक पूरे रूट को तैयार कर लिया जाएगा। इंदौर में चलने वाली मेट्रो ट्रेन जयपुर जैसी होगी। इसमें 6 कोच होंगे। पहले चरण में 3 कोच होंगे। इसमें 975 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन कुल 25 फेरे लगाएगी। यह हर स्टेशन पर 15 मिनट में पहुंचेगी ।
मुख्यमंत्री के इंदौर आगमन पर आज एयरपोर्ट पर मंत्री बाला बच्चन , सज्जन सिंह वर्मा , तुलसी सिलावट , जीतू पटवारी , विधायक विशाल पटेल, शोभा ओझा, विनय बाकलीवाल , अश्विन जोशी और अंतरसिंह दरबार आदि स्वागत करने पहुंचे थे।
