इंस्पेक्टर के कुत्ते ने 3 बच्चों को काटा 

नोएडा । नोएडा के एक थाने में तैनात इंस्पेक्टर के कुत्ते ने 3 बच्चों को काटने का मामला सामने आ रहा है। इस घटना में घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया। इस मामले की कोई अधिकारिक शिकायत नहीं हुई है। ऐसे में यह घटना पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल, शहर के एक थाने में तैनात इंस्पेक्टर का पालतू कुत्ता थाने के आवासीय परिसर के बाहर रस्सी से बंधा हुआ था। एसएचओ के आवास के आसपास कई अन्य पुलिसकर्मियों के आवास हैं। वहीं पर बच्चे खेल रहे थे, तभी कुत्ते के गले की रस्सी खुल गई और वह आक्रामक हो गया, उसने तीन बच्चों को काट लिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई और बच्चे इधर-उधर भागने लगे। तुरंत ही बच्चों को उनके घरवाले अस्पताल ले गए और इलाज कराया। वहीं, कुत्ते को एसएचओ के कर्मचारियों ने काबू में कर लिया। बताते हैं कि थाना परिसर में वही पुलिस वाले रहे हैं जो उसी थाने में तैनात हैं। अब कोतवाल के खिलाफ कौन शिकायत करे। कुछ साल पहले तत्कालीन एसएसपी के कुत्ते ने एक पीआरओ को काट लिया था। इसके बाद पीआरओ को थाने का चार्ज मिला था। उस वक्त भी यह खबर चर्चा में थी। बताया जाता है कि पीआरओ लगातार चार्ज पाने की कोशिश में थे, लेकिन सफल नहीं हो पा रहे थे। इसी दौरान एसएसपी के बंगले पर कुत्ते ने काट लिया था। उस वक्त तुरंत ही यह खबर मीडिया में नहीं आई। कुछ दिन के बाद ही जब पीआरओ को चार्ज मिला तो यह मामला चर्चा का विषय बना था।

Leave a Reply