इस्लामिक स्टेट का सरगना बगदादी अभी जिंदा है: अमेरिकी कमांडर

वॉशिंगटन . अमेरिकी सेना के शीर्ष कमांडर ने रूस के दावों से उलट अभी भी इस्लामिक स्टेट समूह के मुखिया अबु बकर अल–बगदादी के जिंदा होने का अंदेशा जताया है। रूस ने दावा किया था कि एक महीने पहले किये गये लक्षित हमलों में शायद उसकी मौत हो गयी है। इराक और सीरिया में इस्लामिक स्टेट से लड़ रहे गठबंधन बलों का नेतृत्व करने वाले अमेरिकी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल स्टीफन टाउन्सेंड ने कहा, 'क्या मैं यह मानता हूं कि वह अब भी जिंदा है ? हां…।'

'सबसे पहले टाउन्सेंड ने कहा कि उनका ऐसा भरोसा सबूतों की कमी की वजह से हुआ है। अबु बकर अल–बगदादी के मारे जाने की जो बात कही जा रही थी, वह महज अफवाह थी।' उन्होंने कहा, 'खुफिया सूत्रों ने भी कुछ ऐसे संकेत दिए हैं कि वह अभी जिंदा है।' हालांकि टाउन्सेंड ने खुफिया सूत्रों के बारे में ज्यादा कुछ जानकारी नहीं दी।

 

रूसी अधिकारियों ने जून में कहा था कि इस बात की पूरी संभावना है कि एक महीने पहले रक्का और सीरिया के बाहरी इलाके में रूस के हवाई हमले में अल–बगदादी मारा गया है। पेंटागन ने गुरुवार को अपने बगदाद मुख्यालय में मीडिया को बताया, 'टाउन्सेंड ने कहा है कि अमेरिका और गठबंधन सेना सक्रियता से अल–बगदादी को ढूंढ रही है। अगर वे उसे खोज लेती हैं, तो शायद उसे पकड़ने की बजाय मार गिराएं।'  टाउन्सेंड ने कहा कि अल–बगदादी के छिपे होने के बारे में एक अंदाजा है और वह तथाकथित मध्य फरात नदी घाटी में छिपा हो सकता है, जो पूर्वी सीरिया के देईर एल–जोर शहर से लगभग पश्चिमी इराक के रावा शहर तक फैला है।

Leave a Reply