ईसीसी की महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंची शैफाली

 भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा बल्लेबाज शैफाली वर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महिला टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में एक बार फिर नंबर एक पर पहुंच गई है। शैफाली पिछले साल भी ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के दौरान शीर्ष पर पहुंची थी। उन्होंने अब 23 और 47 रन की पारियां खेलकर ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी को पीछे छोड़ा था। आईसीसी के बयान के अनुसार दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लिजेल ली की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है लेकिन वनडे रैकिंग में उन्होंने एक सप्ताह बाद ही इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट से अपना शीर्ष स्थान खो दिया। ली पिछले मैच में 70 रन की पारी खेलने के दम पर टी20 रैकिंग में तीन पायदान ऊपर 11वें नंबर पर पहुंच गई है। 
वहीं दक्षिण अफ्रीका की ही लॉरा वोलवार्ट पांच पायदान ऊपर 24वें, कप्तान सुन लुस पांच पायदान ऊपर 38वें और नाडिन डि क्लार्क सात पायदान ऊपर 74वें स्थान पर पहुंच गई है। भारतीयों में दीप्ति शर्मा चार पायदान ऊपर 40वें स्थान पर पहुंच गई हैं जबकि ऋचा घोष ने 59 स्थान की लंबी छलांग लगाई है और वह 85वें नंबर पर पहुंच गई हैं। आलराउंडर हरलीन देओल बल्लेबाजी में 262 पायदान आगे 99वें और गेंदबाजों में 76 पायदान ऊपर 146वें स्थान पर काबिज हो गई हैं। बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ 34वें से 25वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वनडे रैकिंग में बदलाव हुए हैं। भारतीय कप्तान मिताली राज एक पायदान ऊपर आठवें जबकि प्रिया पूनिया पांच पायदान आगे 53वें स्थान पर पहुंच गई है। गेंदबाजों में गायकवाड़ आठ स्थान ऊपर 38वें स्थान पर काबिज हो गई है। 
 

Leave a Reply