उचित मूल्य की दुकान 5 कि.मी. से अधिक दूर नहीं रखने के निर्देश 

इन्दौर। कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खाद्य विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा की गई। इस अवसर कलेक्टर जाटव ने कहा कि उचित मूल्य की दुकान 5 मीटर से ज्यादा दूर नहीं होना चाहिये। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाये। जिले के सभी उपभोक्ताओं की आधार सीडिंग जरूरी है। कम से कम 95 प्रतिशत आधार सीडिंग 30 जून तक करें। बैठक में दुकानविहीन पंचायतों, जीपीएस सिस्टम, स्वयं सहायता समूह द्वारा उचित मूल्य की दुकान का संचालन, राशन का परिवहन एवं भंडारण आदि विषयों पर बिन्दुवार चर्चा की गई।
इस अवसर पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की समीक्षा के दौरान उप संचालक मनीष स्वामी ने बताया कि जिले में दुकानों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है। जनवरी से अब तक खाद्य सामग्री  के 470 नमूने लिये गये हैं। इसमें से 70 नमूने फेल पाये गये। नमूने को जांच के लिये  भोपाल प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। अभी तक खाद्य दुकानदारों को 21 प्रकरणों में 21 लाख 56 हजार का अर्थदण्ड दिया जा चुका है। अपर जिला दण्डाधिकारी कोर्ट में अभी 55 मुकदमें विचाराधीन है।
उन्होंने बताया कि स्वस्थ भारत यात्रा 28 दिसम्बर, 2018 से एक जनवरी, 2019 तक मोबाइल लैब के साथ मानपुर, महू एवं इंदौर में खाद्य पदार्थों  की परीक्षण के संबंध में जागरूकता कैम्प लगाये गये। मानपुर में युनिक स्कूल, महू में किशनगंज एवं इंदौर में 56 दुकान पलासिया और अरिहंत कॉलेज में कार्यक्रम किये गये। फरवरी माह में मोबाइल लैब के माध्यम से 45 नमूने एकत्रित किये गये, जिसमें से 7 नमूने फेल होने पर लीगल नमूने या सुधार करने हेतु सूचित किया गया। फरवरी माह में मेडिकैप्स स्कूल में खाद्य पदार्थों में मिलावट से संबंधित प्रारंभिक तथा ग्राम कोदरिया महू में चिप्स निर्माताओं को साफ-सफाई एवं हाइजिन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। अप्रैल माह में मोबाइल लैब के माध्यम से 51 नमूने एकत्रित किये गये जिसमें से 4 नमूने फेल होने पर लीगल नमूने या सुधार करने हेतु सूचित किया गया।
स्वामी ने बताया कि जिले में वर्ष-2019 में 5 हजार 50 लायसेंस का नवीनीकरण, नवीन एवं रजिस्ट्रेशन किया गया है। इससे विभाग को 62 लाख 43 हजार 900 रूपये राजस्व प्राप्त हुआ है। क्लीन स्ट्रीट फूड हब योजना के तहत 56 दुकान पलासिया के खाद्य व्यापारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक एल. मुजालदा और खाद्य विभाग तथा औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply