उत्‍तरप्रदेश में 9वीं से 12वीं तक के स्कूल होंगे बंद, सीएम योगी कर रहे तैयार

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए योगी सरकार अब कक्षा नौ से 12 तक के स्कूल को बंद करने की तैयारी शुरु कर दी है। आज (शनिवार) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पर मुहर लगा सकते हैं। हालांकि इससे पहले कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय एवं निजी विद्यालयों को 11 अप्रैल तक बंद रखने के निर्देश दिये गए थे। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद करने का प्रस्ताव रखा है। वहीं जिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं वहां पर कोविड प्रोटोकॉल के साथ परीक्षाएं करवाई जाएंगी। दरअसल, राजधानी लखनऊ में कोरोना के संक्रमण के चलते शुक्रवार को लखनऊ के अनएडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने राजधानी लखनऊ के 135 विद्यालयों सहित कई जिलों के कक्षा 1 से 12 तक के सभी प्राइवेट व मिशनरी स्कूल 11 अप्रैल तक बंद करने का भी ऐलान किया है। उधर, प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव मोनिका एस गर्ग ने सभी विश्वविद्यालयों को पत्र लिखकर विश्वविद्यालयों में कक्षाएं संचालित किए जाने को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में ऑफलाइन कक्षाएं चलेंगी या नहीं, इसका फैसला जिलाधिकारी और कुलपति पर छोड़ दिया है। इसी बाबत लखनऊ विश्वविद्यालय ने 6 अप्रैल से होने वाली परीक्षा को 11 अप्रैल तक टाल दिया है। ऑफलाइन कक्षाएं बंद होने पर ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
इस बारे में उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव मोनिका एस गर्ग का कहना है कि जिन संस्थानों में परीक्षाएं और प्रयोगात्मक परीक्षाएं चल रही हैं, वहां परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। जिन संस्थानों में कक्षाएं चल रहीं हैं वहां कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply