उद्धव ठाकरे का बीजेपी पर कटाक्ष, कहा शिवसेना की सूची मुख्यमंत्री ही तैयार कर लें

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के तारीख की घोषणा किसी भी वक्त हो सकती है. हर तरफ लोगों के बीच यह उत्सुकता है कि शिवसेना-भाजपा की युति होगी या नहीं, युति हुई तो कौन कितनी जगह पर लड़ेगा. वहीं भाजपा के कई नेता भी कुछ दिनों से युति और जगह बंटवारे को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं. इस पार्श्वभूमि पर जब शुक्रवार को पत्रकारों ने शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे के ‘मातोश्री’ निवासस्थान पर सवाल किया कि युति की बातचीत कहां तक पहुंची है? इस सवाल के जवाब में उद्धव ठाकरे ने कहा युति की चर्चा अंतिम चरण में है परंतु उसके बाद मजेदार और मार्मिक टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार मैंने एक अलग मार्ग स्वीकार किया है. मुख्यमंत्री को कहा है कि शिवसेना की सूची तुम तैयार करो. उसके अनुसार जगह और संख्या तैयार करके वे मुझे देंगे. मैं उस सूची को पक्ष के सामने रखूंगा और तत्काल युति की घोषणा होगी, ऐसा उद्धव ठाकरे के कहते ही पत्रकारों के बीच हंसी फूट पड़ी. इस अवसर पर शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत, पर्यावरण मंत्री रामदास कदम, ‘म्हाडा’ अध्यक्ष उदय सामंत, शिवसेना सचिव मिलिंद नार्वेकर आदि उपस्थित थे.

Leave a Reply