उपचुनाव: पंजाब में कांग्रेस के सुनील जाखड़ जीते, केरल में IUML ने वाम मोर्चा को दी मात

पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है, इस सीट पर कांग्रेस के सुनील जाखड़ भाजपा उम्‍मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया से 1.93 लाख वोटों से जीते हैं, आप उम्मीदवार सुरेश खजूरिया की जमानत जब्त हो गई है। दूसरी ओर केरल में हुए विधानसभा उपचुनाव में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने जीत का परचम लहराया है। 

सुनील जाखड़ ने भाजपा के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया को मात दी है। जाखड़ को 4,99,752 वोट, भाजपा के सलारिया को 3,06,533 और आप उम्‍मीदवार खजूरिया को मात्र 23,579 वोट मिले।

 

इस जीत के बाद भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नवजोत सिंह सिद्धू के यहां जश्न का माहौल है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए दिवाली का खूबसूरत तोहफा है।

 

राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि ये कांग्रेस की सफल नीतियों का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2019 लोकसभा चुनाव के लिए भी तैयार है। सीएम ने यह भी कहा कि सुनील जाखड़ की ओर से किए गए वादों को पंजाब सरकार पूरा करेगी। 

दरअसल, एक्टर और भाजपा के नेता विनोद खन्ना के देहांत के बाद से गुरदासपुर सीट खाली हो गई थी। पंजाब के मुख्य दल बीजेपी और कांग्रेस के लिए इसे काफी अहम माना जा रहा था। ऐसा इसलिए क्योंकि इसी साल सत्ता में आने के बाद कांग्रेस की पंजाब में प्रतिष्ठा दाव पर लगी हुई थी।दूसरी ओर विनोद खन्ना चार बार से इस सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे थे और इसी वजह से यहां भाजपा की पकड़ काफी मजबूत थी। नतीजों से पहले माना जा रहा था कि भाजपा यहां एक बार फिर जीत दर्ज कर सकती है।

 

 

केरल के मलप्पुरम के वेंगारा विधानसभा सीट पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने जीत दर्ज की है। पार्टी के उम्मीदवार के एन ए खादर ने 23000 से ज्यादा वोटों की बढ़त के साथ जीत हासिल की है। दरअसल, ये सीट आईयूएमएल प्रमुख कुन्हलिकुट्टी के मल्लपुरम से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद खाली हो गई थी। 

 

पार्टी इसे मार्कसवादियों की राज्य में कमजोर पकड़ करार दे रही है। ऑनलाइन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी की ओर से कहा गया कि कम्युनिस्ट पार्टी की तरफ से हराने की हर संभव कोशिश की गई, लेकिन ये साफ था कि परिणाम क्या आएगा?

Leave a Reply