उड़ान पुल की मरम्मत के लिए 7 करोड़ फंड मंजूर

भिवंडी। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई से सटे भिवंडी के राजीव गांधी उड़ान पुल की मरम्मत के लिए एमएमआरडीए के माध्यम से 6 करोड़ 81 लाख 73 हजार 210 रुपये मंजूर किए हैं. दरअसल एसटी डिपो के पास उड़ान पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण उसे बंद कर दिया गया था. स्ट्रक्चरल ऑडिट के अनुसार, भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के महापौर जावेद दलवी ने पूरे पुल की मरम्मत कराने के लिए राज्य सरकार से एमएमआरडीए के माध्यम से तत्काल निधि उपलब्ध कराने की मांग की थी. मालूम हो कि 13 साल पहले आगरा रोड स्थित रामेश्वर मंदिर से लेकर बागेफिरदौश मस्जिद तक 16 करोड़ की लागत से लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा उड़ान पुल बनाया गया था. मगर १३ साल के भीतर ही उड़ान पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो जाने से पुल निर्माण कार्य में बरती गई अनियमितता उजागर हुई है.
