एकदिवसीय में जगह नहीं मिलने से बेहतर प्रदर्शन को प्रेरित हुई : शेफाली

लखनऊ । भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा है कि एकदिवसीय टीम में जगह नहीं मिलने से वह निराश नहीं थी। बल्कि इससे उसे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वह जानती थी कि खेल में कुछ कमी के कारण ही उसे जगह नहीं मिली है।  दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम टी20 मैच में 30 गेंद में 60 रन की पारी खेली जिससे भारत ने सांत्वना भरी जीत दर्ज की। शेफाली को अपने प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का इनाम भी मिला। 
शेफाली टी20 में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण ही आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी पर इसके बाद भी उसे एकदिवसीय टीम में स्थान नहीं मिल पाया। शेफाली ने मैच के बाद कहा, ‘‘जब मुझे एकदिवसीय के लिये नहीं चुना गया था तो मुझे लगा कि मेरे खेल में जरुर कुछ कमी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हालांकि मैं कप्तान या कोच के पास इसके बारे में पूछने के लिये नहीं गयी क्योंकि मैं जानती थी कि अगर मेरा नाम इसमें शामिल नहीं है तो शायद यह इसलिये होगा कि मेरे अंदर कुछ कमी होगी।’’ इसलिए उन्होंने अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के प्रयास किये। 

Leave a Reply