एक्सपर्ट से जानें कैसे आएंगे नए बाल

मेरे काले,घने,चमकदार बाल अचानक टूटने लगे।कभी कमरे के फर्श पर उड़ते दिखते हैं,तो कभी तकिए से चिपके मिलते हैं। किसी दिन कंघी में लिपटे और कभी-कभी तो खाने में गिरे दिखते हैं।सिर पर हल्के हाथ भी फेरो,तो बालों का गुच्छा हथेली पर निकल आता है।शायद मौसम का असर हो!लेकिन मौसम तो सबके लिए ही बदला है,तो फिर क्यों झड़ रहे हैं मेरे बाल?
पोस्ट कोविड मेरे ही बाल इतने क्यों गिर रहे हैं? ये सवाल हर उस महिला का है, जिसे पोस्ट कोविड हेयर लॉस की समस्या हो रही है।हर दिन गिरते बाल इस हद तक डरा रहे हैं,मानो कुछ दिनों बाद सिर पर एक भी बाल नहीं बचेगा।कोविड का शिकार हुई महिलाएं बाल झड़ने की समस्या से बेहद परेशान हैं। तमाम शैम्पू, ऑयल और सीरम ट्राई करने के बावजूद उन्हें इस समस्या से छुटकारा नहीं मिल रहा है। ये समस्या इतनी गंभीर होती चली जाती है कि व्यक्ति किसी नई बीमारी की आशंका से डर जाता है। आपके मन में भी पोस्ट कोविड हेयरफॉल की समस्या को लेकर सवाल हैं, तो हम आपके हर सवाल का जवाब लेकर आएं हैं।
क्यों होता है पोस्ट कोविड हेयरफॉल?
समस्या की पहचान हो जाने के बाद सबसे जरूरी सवाल होता है कि आखिर ये समस्या हो क्यों रही है? दरअसल हमारे बाल शरीर के फास्टेस्ट ग्रोइंग सेल होते हैं। अगर शरीर को सही डाइट मिल रही है, तो उसका सबसे पहला असर हमारे बालों पर पड़ेगा। इसी तरह जब हम किसी बीमारी का शिकार होते हैं, तो उसका भी सबसे पहला असर हमें हमारे बालों पर देखने को मिलेगा। कोविड की वजह से न सिर्फ शरीर स्ट्रेस में जाता है, बल्कि हम मेंटली और इमोशनली भी स्ट्रेस में जाने लगते हैं। एक तो कोविड संक्रमण का ख़तरा, उसपर हमारा अपना अगर हमारी किसी चूक की वजह से कोविड की चपेट में आ जाए उसकी चिंता। कोविड की वजह से अपनों से दूर होने की डर भी हमें गहरे स्ट्रेस में ले जाने का काम करता है। पोस्ट कोविड लगभग 3 महीने के बाद हमें हेयर फॉल की शिकायत शुरू होती है।
टेलोजेन एफ्लुवियम की वजह से झड़ते हैं बाल
जब शरीर को किसी स्ट्रेस की वजह से शॉक लगता है, तब बालों के झड़ने की समस्या शुरू होती है जिसे 'टेलोजेन एफ्लुवियम' कहते हैं। इस बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि शॉक लगने के कारण जो बाल टूटते हैं, हेयर साइकिल की प्रकिया में वें बाल धीरे-धीरे वापस आ जाते हैं। कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी हॉस्पिटल की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ रेशमा टी विशानी ने बताया कि बाल हमारे शरीर में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले सेल हैं। अगर शरीर किसी तरह का तनाव झेलता है, तो उसका सीधा असर हमारे बालों पर पड़ता है। इसलिए हमें पोस्ट कोविड झड़ने वाले बालों से परेशान होने की बजाय अपने स्ट्रेस को रिलीज़ करना चाहिए।
इसके लिए हम अपने पसंद के गाने सुने, योग और एक्सरसाइज को अपनी डेली रूटीन में शामिल करें और जितना हो सके अपनी डाइट में प्रोटीन रिच फ़ूड को शामिल करें। उन्होंने बताया कि महिलाओं में पोस्ट कोविड हेयर फॉल की समस्या अधिक देखी जा रही है। उन्हें इसके लिए परेशान होने से बचना चाहिए और उपाय की ओर ध्यान देना चाहिए। डॉ के मुताबिक पोस्ट कोविड बाल झड़ने की समस्या कोविड से उबरने के करीब 3 महीने बाद शुरू होती है। उस वक़्त बाल इस हद तक झड़ते हैं कि लोग किसी गंभीर बीमारी की चिंता में तनाव लेने लगती हैं, लेकिन लोगों को तनाव लेने से बचना चाहिए। वे जितना तनाव लेंगे, हेयर लॉस की समस्या उतनी अधिक बढ़ेगी। बाल झड़ने का सीधा सम्बंध मानसिक तनाव से है, लेकिन परेशान होने से बेहतर है कि आप अपना ख्याल रखें।
अपोलो हॉस्पिटल के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ कुलदीप सिंह के मुताबिक कोविड के दौरान शरीर बेहद कमज़ोर हो जाता है। संक्रमण की वजह से हमारी डाइट कई दिनों तक प्रभावित रहती है, जिसका असर बालों के टूटने पर साफ़ नज़र आता है। ऐसे में हमें अपनी डाइट में हर दिन प्रोटीन युक्त आहार को शामिल करने की जरूरत है। अगर आप कोविड के बाद झड़ते बालों से परेशान हैं, तो सबसे पहले अपनी नुट्रीशनल प्रोफाइल टेस्ट करवाएं, जिससे इस बात का पता चल सके कि आपके शरीर में किस तरह की नुट्रीशनल डेफिशियंसी है। इससे आप शरीर की उस जरूरत के हिसाब से अपनी डाइट रूटीन बना सकें। डॉ ने बताया कि लोगों में ये भ्रम है कि जड़ों में तेल डालने से उनके बालों का झड़ना रुक जाएगा, लेकिन ऐसा होता नहीं है। अपने झड़ते बालों को बचाने के लिए सिर पर तेज मसाज करने से बचें। बालों को सुलझाने के लिए मोटी कंघी का इस्तेमाल करें और जितना हो सके फल, सब्जी और सलाद अपनी डाइट में शामिल करें।
एक्सपर्ट ने बताया कैसे लौटेंगे बाल
बालों का झड़ना क्यों शुरू होता है और इसे खत्म करने के लिए आपको किस तरह की डाइट का ध्यान रखना चाहिए, ये जान लेने के बाद आपके मन में ये सवाल आ रहा होगा कि गए हुए बाल कब तक और कौन से नुस्ख़े अपनाने से वापस आएंगे? पोस्ट कोविड हेयर फॉल के कारण झड़े बाल लगभग 6 महीने से लेकर साल भर तक में वापस आ जाएंगे। दरअसल टूटने की प्रक्रिया शुरू होने के करीब 3 महीने बाद नए बाल आने शुरू हो जाते हैं। बावजूद इसके आपके टूटे बाल कबतक आएंगे इसका जवाब आपकी डाइट में छुपा है। अगर आपने अपनी डाइट सुधार ली, तो साल भर के अन्दर आपके पुराने घने बाल लौट आएंगे।
