एक दिन में मिले 3178 नए मरीज, एक महीने में बढ़े 7 गुना, एक्टिव केस 21 हजार पार

भोपाल. प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बेकाबू होता हुआ नजर आ रहा है. प्रदेश में एक ही दिन में 3178 नए मरीज मिले हैं. पूरे कोरोना काल में यह आंकड़ा पहली बार देखने को मिला है जब एमपी में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण के मरीज सामने आए हैं.यह आंकड़ा सामने आने के बाद एमपी देश में अब आठवां राज्य बन गया है, जहां सबसे तेजी से नए संक्रमित बढ़ रहे हैं. प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 21 हजार को पार कर गई है. 1 महीने में सबसे ज्यादा 7 गुना मरीज बढ़े हैं. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक भोपाल में एक दिन में 547 और इंदौर में 788 नए मरीज सामने आए हैं.
ये है प्रदेश से लगती सीमाओं का हाल
इस बीच प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर सख्ती भी तेज की जा रही है. महाराष्ट्र की सीमा सील कर दी गई है, छत्तीसगढ़ से आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है. राजस्थान सीमा पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है. सीमावर्ती जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. नई कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक, बाहर से कोई संक्रमित आता है तो निगरानी के बाद उसे आइसोलेट किया जाएगा. हालांकि सरकार ने पड़ोसी राज्यों से जरूरी सामानों के परिवहन को जारी रखने का फैसला किया है.
45 साल से छोटे लोगों को वैक्सीन नहीं लगेगी
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखा है. इस पत्र के तहत 45 साल की उम्र से कम वालों को वैक्सीन नहीं लगेगी. अभी फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन लगाई जा रही है. गौरतलब है कि भोपाल में संडे को टोटल लॉकडाउन होने के बाद भी वैक्सीनेशन का काम जारी रहा. 190 केंद्रों पर 25000 से ज्यादा लोगों ने पहुंचकर टीके लगवाए. यह 1 दिन में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है. इसके पहले 1 दिन में 35812 लोगों ने टीके लगवाए थे.
सीएम उतरेंगे सड़कों पर
इधर, सीएम शिवराज सिंह चौहान आज भोपाल शहर में सड़कों पर उतरेंगे. कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर लोगों को जागरूक करने के लिए मुख्यमंत्री लोगों से मास्क लगाने की अपील करेंगे. सीएम शिवराज शाम 6:00 पर खेड़ा क्षेत्र से खुले वाहन में निकलेंगे और जनता से अपील करेंगे कि मास्क का इस्तेमाल करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.
