एक लाख रूपए की रिश्वत लेते हुए एएसआई व दलाल गिरफ्तार

जयपुर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों (एसीबी) ने विद्याधर नगर थाने में तैनात एएसआई राधेश्याम यादव को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी ने दलाल को भी पकड़ा है। फिलहाल घूसखोर एएसआई व दलाल से पूछताछ की जा रही है, वहीं दूसरी ओर उसके आवास व अन्य ठिकानों पर एसीबी सर्च कर रही है।
एसीबी (महानिदेशक) बी.एल.सोनी ने बताया कि रिश्वत लेते विद्याधर नगर थाने में तैनात एएसआई राधेश्याम यादव निवासी मुंडावर अलवर और दलाल मधुसूदर शर्मा निवासी बैंक कॉलोनी मुरलीपुरा को गिरफ्तार किया है। परिवादी ने शिकायत दी कि उसके खिलाफ विद्याधर नगर थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज है। जिसकी जांच सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव कर रहे है। प्रकरण में उसका नाम हटाने के एवज में दलाल मधुसूदर के मार्फत एएसआई राधेश्याम 5 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है। घूस देने का दबाव बनाने से परेशान परिवादी ने एसीबी में शिकायत दी। एसीबी ने सत्यापन के बाद ट्रेप का आयोजन किया। रिश्वत के एक लाख रुपए लेकर परिवादी को भेजा गया। दलाल मधुसूदर के मार्फत रिश्वत की रकम लेते एएसआई राधेश्याम यादव को एसीबी टीम ने धर-दबोचा।
