एजेंटों का मायाजाल, कनाडा जाने वाले छात्रों का खून चूसा जा रहा, लाखों में बेची जाती एयर टिकट

ट्रेवल एजेंटों का मायाजाल इस कदर फैला हुआ है कि कनाडा स्टडी के लिए जाने वाले स्टूडेंट का हर कदम पर खून चूसा जाता है। एजेंटों द्वारा प्रोसेसिंग फीस, कॉलेजों से 20 फीसदी कमीशन के अलावा एयर टिकटों में बड़ा झोल है। जो एयर टिकट 40 हजार में आसानी से मिल जाती है, वह स्टूडेंट को एक लाख रुपये से अधिक में बेची जाती है।
पंजाब से अधिकतर स्टूडेंट स्टडी के लिए बीसी और ओंटारियों में जाते हैं। बीसी में अधिकतर वैंकुवर में स्टूडेंट जाते है जबकि ओंटारियों में टोरंटो, ओटावा जाने वाले स्टूडेंट की लंबी कतार है। साल में तीन बार सेशन शुरू होता है। जनवरी, मई और सितंबर के पहले सप्ताह में कॉलेजों में स्टडी शुरू हो जाती है।

इन दिनों के आसपास की भारत से कनाडा जाने वाली तमाम फ्लाइट को एजेंट एडवांस ही बुक कर लेते हैं। जो टिकट 40 हजार की होती है, उसको स्टूडेंट को 1.25 लाख तक बेचा जाता है।
दिसंबर 15 से लेकर जनवरी 10 तक, अप्रैल 15 से लेकर 15 मई तक, 15 अगस्त से लेकर 15 सितंबर तक टिकटों के दाम तीन गुणा तक बढ़ा दिए जाते हैं। कई बार कनाडा जाने की एक तरफा टिकट 1.5 लाख तक पहुंच जाती है। स्डूटेंट की मजबूरी होती है कि उनका सेशन शुरू होने वाला होता है और मुंहमांगे दाम पर कनाडा जाने के लिए टिकट खरीदनी पड़ती है।

दरअसल, इस खेल में दिल्ली से लेकर पंजाब में बैठे एजेंटों के खूब वारे न्यारे हो रहे हैं। दिल्ली बैठे बड़े एजेंट सस्ते दामों पर एयर टिकट का अलॉट खरीद लेते हैं, जब स्टूडेंट्स का सेशन शुरू होने का वक्त होता है तो टिकटों के दाम आसमान को छूने लगते हैं। जो एजेंट स्टूडेंट का कनाडा कॉलेज में दाखिला करवाते हैं, वह अपनी साठगांठ वाले से ही एयर टिकट बुक करवाते हैं और इसमें भी मोटी कमीशन खाते हैं।

Leave a Reply