ऑस्ट्रेलिया की हार ने आसान किया भारत का फाइनल का रास्ता

नई दिल्ली: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप (ICC World Cup 2019) में शनिवार (6 जुलाई) को दो मैच खेले गए. पहले मैच में भारत (Team India) ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया. दूसरे मैच में सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुके दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया (Australia) को चित कर दिया. दक्षिण अफ्रीका (South Africa) की इसी अप्रत्याशित जीत ने भारत का फाइनल का रास्ता भी आसान कर दिया है. फाइनल से पहले अब टूर्नामेंट में दो ही मैच खेले जाएंगे. इन मुकाबलों के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड (England) और न्यूजीलैंड (New Zealand) ने क्वालिफाई किया है.
आईसीसी विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले के साथ ही आखिरी राउंड रॉबिन लीग मैच भी खेल लिया गया. इस मुकाबले के बाद प्वाइंट टेबल में भारत (15) पहले, ऑस्ट्रेलिया (14) दूसरे, इंग्लैंड (12) तीसरे और न्यूजीलैंड (11) चौथे नंबर पर रहे. इसके साथ ही टूर्नामेंट के सेमीफइनल मुकाबले भी तय हो गए. पहला सेमीफाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवर (नौ जुलाई) को खेला जाएगा. दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला गुरुवार को मेजबान न्यूजीलैंड से होगा.
टूर्नामेंट में इन टीमों के प्रदर्शन के आधार पर माना जा सकता है कि भारत को आसान प्रतिद्वंद्वी मिला है. न्यूजीलैंड की टीम इस टूर्नामेंट में बड़ी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है. उसे ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के अलावा पाकिस्तान ने भी हराया है. जबकि, भारत के खिलाफ उसका मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. बारिश से मिला यह एक अंक उसके लिए अहम साबित हुआ. न्यूजीलैंड और पाकिस्तान दोनों के ही 11 अंक थे. न्यूजीलैंड ने रनरेट के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है. अगर भारत से उसका मुकाबला रद्द नहीं होता तो संभव था कि वह मैच हार जाता और सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुका होता.
कीवी टीम ने बनाई हार की हैट्रिक
न्यूजीलैंड की टीम विश्व कप में लगातार तीन मैच हार चुकी है. उसे 26 जून को पाकिस्तान ने छह विकेट से हराया. फिर 29 जून को ऑस्ट्रेलिया ने 86 रन से मात दी. इसके तीन दिन बाद इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 119 रन से धुन दिया. यानी, वह सिर्फ तीन मैच नहीं हारा है, बल्कि इन मैचों में बुरी तरह पिटा है. ऐसे में कीवी टीम भारत के खिलाफ जब वह मंगलवार को उतरेगी तो उसका आत्मबल गिरा होगा.
सिर्फ एक मैच हारा है भारत
भारत इस विश्व कप में सिर्फ एक मैच हारा है. उसे इंग्लैंड ने 30 जून को 31 रन से हराया था. इंग्लैंड को छोड़ दें तो भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में हर टीम को हराया है. इंग्लैंड के खिलाफ भी वह भले ही हार गई, लेकिन उसने तब भी 300 रन का आंकड़ा पार किया था. मौजूदा विश्व कप में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल बेहतरीन फॉर्म में हैं. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी गजब का प्रदर्शन कर रहे हैं. जाहिर है भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की दावेदार होगी.
दक्षिण अफ्रीका हार जाता तो…
अगर दक्षिण अफ्रीका की टीम ऑस्ट्रेलिया से हार जाती तो सेमीफाइनल के मुकाबलों में अलग-अलग टीमें होतीं. तब भारत को इंग्लैंड से खेलना पड़ता. इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट में शुरुआती राउंड में खराब प्रदर्शन करने के बाद फॉर्म में लौट चुकी है. उसने पिछले दो मुकाबलों में भारत और न्यूजीलैंड को हराया. ये दोनों ही मैच उसके लिए करो या मरो की तरह थे. इसके बावजूद इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन किया. जाहिर है, न्यूजीलैंड के मुकाबले इंग्लैंड फिलहाल बेहतर टीम नजर आ रही है. इंग्लैंड के ओपनर जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय खतरनाक फॉर्म में हैं. बेयरस्टो तो लगातार दो शतक लगा चुके हैं.
