कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि

भोपाल। मध्यप्रदेश के मौसम में गुरुवार शाम अचानक बदलाव आया। कटनी, भिंड और दतिया सहित कई शहरों में बूंदाबांदी के साथ ओले गिरे। दतिया के सेंवढ़ा तहसील के थरेट में दोपहर तीन बजे बारिश के साथ 10 मिनट तक ओले गिरे। भिंड जिले में लहार क्षेत्र के रावतपुरा में गुरुवार दोपहर चार बजे बारिश हुई और देवरीकला में तीन मिनट तक ओले गिरे। वहीं, कटनी जिले में गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बदलने के बाद आसमान में काले बादल छा गए और स्लीमनाबाद में बारिश के बाद ओले भी गिरे। इससे क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ है। खासतौर पर चना और गेहूं की फसलों को क्षति पहुंची है। किसानों ने बताया कि दोनों फसलें पककर तैयार हो गई है, ऐसे में बारिश और ओले गिरने से फसलों को नुकसान हो रहा है। दतिया जिले में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखा। गौरतलब है कि 27 फरवरी को भी मगरोल व आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे थे। किसानों ने बताया कि दोपहर में तकरीबन 20 मिनट तक बारिश हुई। चने की आकार के ओले गिरे। भिंड। लहार क्षेत्र के रावतपुरा में गुरुवार दोपहर चार बजे बारिश हुई, जबकि देवरीकला में तीन मिनट तक ओले गिरे। लहार क्षेत्र में बारिश और कुछ देर ही गिरे ओलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। देवरीकलां निवासी ग्रामीण सूरजसिंह ने बताया कि खेत में खड़ी गेहूं और चना की फसल को खासा नुकसान होने की आशंका है।
