कड़ाके की सर्दी और शीतलहर की चपेट में झारखण्ड

झारखण्ड । धनबाद एक बार फिर कडाके की सर्दी की गिरफ्त में है। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री पर पहुंच गया है। अगले कई दिनों तक ठंड अपना तेवर दिखा सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सुबह घना कोहरा छाने के साथ तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। सुबह देर तक धुंध छाने के बाद दिन चढ़ने पर धूप खिल रही है। पर धूप में ठंड का एहसास हो रहा है। शाम ढलते ही मौसम बेहद सर्द हो रहा है। रात बढ़ने के साथ ठंड का सितम भी बढ़ता जा रहा है। सर्द हवाएं शीतलहरी का एहसास करा रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव के पास बैठे हैं। हालांकि इसके बाद भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है। अबोहवा में ठंडक की वजह हिमालय में बर्फबारी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से इस ओर बर्फीली हवाएं आ रही है जिससे हाड़ हिलाने वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। पूरे हफ्ते ठंडी हवा चलने और मौसम सर्द रहने का अनुमान है।

21 से सक्रिय होगा पश्चिमी विभोक्ष, 22 से फिर छा सकता है बादल

पिछ्ले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कई दिनों तक बादल छाए थे। दो दिन बूंदाबांदी भी हुई थी। मौसम विभाग की मानें तो हिमालय में 18 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो रहा है। इसके बाद 21 जनवरी को भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे एक बार फिर धनबाद का मौसम करवट ले सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के बादलों का प्रभाव धनबाद समेत पूरे राज्य में दिखने की संभावना है। बादल आने से तापमान में थोड़ी बढोतरी होगी जिससे ठंड से भी राहत मिलेगी। मानसून के जानकार डा. एसपी यादव का कहना है कि 22 जनवरी या उसके आसपास से धनबाद में फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।

 

Leave a Reply