कभी रास्ते में छेड़छाड़ करता, कभी शादी का बनाता दबाव, परेशान युवती ने उठाया खौफनाक कदम

लुधियाना के एक गांव निवासी युवती नेदेर शाम को अपने घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे गांव का युवक परेशान कर रहा था। वह कभी उसे शादी करने के लिए दबाव डालता था तो कभी रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता था।
सूचना मिलने के बाद थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद मृतक की बहन की शिकायत पर गांव निवासी सुखदेव सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
बहन की शिकायत के मुताबिक मृतक इलाके में ही स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। आरोपी फैक्ट्री में जाकर उसे परेशान करता था और उस पर दबाव बनाता था कि वह उससे शादी करे। जब युवती ने परिजनों को बताया तो परिजनों ने बदनामी के डर से युवती को काम से हटा लिया। इसके बाद भी आरोपी ने परेशान करना बंद नहीं किया।
सोमवार की देर शाम को युवती और उसकी बहन धार्मिक स्थान पर माथा टेकने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपी मिल गया और रोक कर कमेंट करते हुए छेड़छाड़ की।
विरोध करने के बाद युवती और बहन घर पहुंच गई। बहन परिजनों के पास बाहर बैठ गई और युवती ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। एसएचओ इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
