कर्नाटक चुनाव की तारीख पहले ही हुई लीक! कांग्रेस ने EC से पूछा- बीजेपी के IT चीफ पर होगी FIR?

चुनाव आयोग ने कर्नाटक की 244 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की तरीखों का ऐलान कर दिया है. राज्य में एक ही चरण में 12 मई को वोट डाएंगे, जबकि 15 मई को नतीजों का ऐलान होगा. इसके साथ ही कर्नाटक में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई.


चुनाव तारीखों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ओम प्रकाश रावत की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक विवाद भी हो गया. यहां ऐसा कहा गया कि चुनाव की तारीख पहले ही लीक हो गई. दरअसल बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने सोमवार रात को ही ट्वीट किया था कि कर्नाटक में 12 मई को वोटिंग और 18 मई को काउंटिंग होगी.  हालांकि उनकी यह बात पूरी तरह सही साबित नहीं हुई, वहीं इस मामले में विवाद होता देख उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था.

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस मामले में बीजेपी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है. सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि बीजेपी 'सुपर इलेक्शन कमिशन' बन गई है. उन्होंने अमित मालवीय के ट्वीट के स्क्रीनशॉट के साथ ट्विटर पर सवाल किया कि चुनाव आयोग क्या गोपनीय सूचना लीक करने के मामले में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को नोटिस जारी करेगा और बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगा?वहीं इस बारे में जब मुख्य चुनाव आयुक्त ने भरोसा दिया कि चुनाव आयोग से अगर कोई सूचना लीक की गई है, तो इसकी जांच की जाएगी और अगर कोई दोषी पाया जाता है कि उस पर कार्रवाई भी की जाएगी.

मुख्‍य चुनाव आयुक्त ने चुनाव तारीखों की घोषणा करने के साथ ही बताया कि 17 अप्रैल को चुनावों की अधिसूचना जारी होगी. इसके बाद 24 अप्रैल तक नॉमिनेशन दाखिल करने के लिए आखिरी तारीख है, जिसकी जांच 25 अप्रैल तक कर ली जाएगी, जबकि उम्मीदवारों के नाम वापिस लेने आखिरी तारीख 27 अप्रैल होगी.


उन्होंने बताया कि राज्य में 4.96 करोड़ से ज्यादा लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. राज्य में 56,696 पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिसमें 450 स्टेशनों का पूरा प्रबंधन महिला अधिकारियों के जिम्मे होगा. वहीं सभी पोलिंग बूथों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. यहां हर परिवार को एक वोटर गाइड और हर मतदाता को फोटो वोटर स्लिप दिया दिया जाएगा.

Leave a Reply