कल 20 लाख किसानों के खातों में 400 करोड़ ट्रांसफर करेंगे मुख्यमंत्री

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के लगभग 20 लाख किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि के 400 करोड़ रुपये शुक्रवार को अंतरित करेंगे। कार्यक्रम सागर में होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री यहां नगरीय विकास से जुड़े कामों की समीक्षा करने के साथ लोकार्पण भी करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अभी तक साढ़े 17 लाख किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि की राशि जमा कराई जा चुकी है। शिवराज सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की शुरुआत की है। इसके तहत किसानों के खातों में दो किस्तों में चार हजार रुपये डाले जा रहे हैं। केंद्र सरकार छह हजार रुपये तीन किस्तों में दे रही है। इस योजना में लगभग 75 लाख किसान चिन्हित हैं। राजस्व विभाग के अधिकारियों को कहना है कि मार्च 2021 तक सभी पात्र किसानों को राज्य सरकार की योजना के तहत पहली किस्त दी जाएगी। इसके लिए पहले छोटे किसानों का चयन किया गया है। इसके बाद मध्यम श्रेणी के किसानों को लाभांवित किया जाएगा। दोनों योजनाओं को मिलाकर किसानों को सालभर में दस हजार रुपये मिलेंगे।
