कांग्रेस नेता ने सिद्धारमैया पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- कुर्सी पाने के लिए रचा पूरा खेल

बेंगलुरु: कर्नाटक में जारी सियासी संकट के बीच कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने राज्य के पूर्व सीएम और पार्टी नेता सिद्धारमैया पर गंभीर आरोप लगाए हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कर्नाटक सरकार की वर्तमान स्थिति के लिए सिद्धारमैया को दोषी बताया है. एजेंसी की खबरों के अनुसार, उन्होंने कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन की कर्नाटक सरकार को नुकसान पहुंचाने के लिए सिद्धारमैया को 'पार्टी के भीतर का चोर' तक कह दिया. उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया अपनी प्रतिष्ठा के लिए कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार को तोड़ने के लिए 'खेल' खेल रहे हैं.
कांग्रेस के इस वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस के अंदर चोर हैं. एक आदमी (सिद्धारमैया) यह सब अपनी प्रतिष्ठा के लिए कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सिद्धारमैया द्वारा ही खेला जा रहा है. उन्होंने कहा कि जो विधायक मुंबई में हैं, वे लगातार सिद्धारमैया के संपर्क में हैं. लेकिन, पार्टी नेतृत्व इस पर कुछ नहीं कर रहा है.
बता दें कि इससे पहले सिद्धारमैया ने इन सभी आरोपों से इनकार किया था. सिद्धारमैया ने कहा था कि मैं 5-6 विधायकों के संपर्क में हूं. मैं सारी जानकारी नहीं बता सकता हूं. उन्होंने कहा था कि सभी लोग पार्टी के लिए समर्पित हैं और यहां यह प्रश्न ही नहीं उठता कि लोग मेरे लिए समर्पित हैं. गौरतलब है कि शनिवार को कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार के 11 विधायकों ने एकसाथ इस्तीफा दे दिया था. इस्तीफा देने के बाद बागी विधायक कर्नाटक छोड़कर मुंबई चले गए थे.
विधायकों के इस्तीफों के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेता कर्नाटक पहुंचे थे. प्रदेश में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार बचाने के लिए बैठकों को दौर शुरू हो गया है. बता दें कि यह इस्तीफे तब हुए जब कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अमेरिका गए हुए थे. वहीं, इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही वह देश लौट आए हैं. बताया जा रहा है कि वह कुछ घंटों में कर्नाटक पहुंच जाएंगे.
