किशोरी को अगवा कर 5 लोगों ने किया गैंगरेप   

गुरुग्राम । हरियाणा के पुन्हाना में ५ लोगों द्वारा एक १५ वर्षीय लड़की का अपहरण कर गैंगरेप किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात ३० जुलाई की है। पुलिस का कहना है कि लड़की के पिता की ओर शिकायत मिलने के बाद सोमवार को इस संबंध में एक केस दर्ज किया था। पीड़िता के पिता ने इलाके के ही ५ लोगों पर उनकी बेटी का अपहरण कर गैंगरेप करने आरोप लगाया था। पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद मंगलवार को नूंह की अदालत में सीआरपीसी की धारा १६४ के तहत लड़की के बयान दर्ज किए गए। 
    पुन्हाना थाना प्रभारी किशन कुमार का कहना है कि पीड़ित लड़की ने सोमवार को अपने परिजनों को बताया था कि ३० जुलाई को, संदिग्धों में से एक जो उसका परिचित है, उसने उसका अपहरण कर लिया और उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया। लड़की ने अपने बयान में कहा, उस परिचित ने अपने दो दोस्तों को बुलाया था, जिन्होंने उसके साथ बलात्कार किया और तमंचा दिखाते हुए घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद कुछ और लोग वहां आए। वहीं, कार से गुजर रहे दो अन्य लोगों से उसने मदद मांगते हुए उसे अपने घर छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन मदद करने के बजाय उन्होंने भी उसका 
बलात्कार किया और उसे गांव के बाहरी इलाके में छोड़ दिया।
लड़की पिता ने बताया कि उसे ३१ जुलाई को उनकी बेटी अपने पुराने घर के पास मिली थी और जो गहरे सदमे में थी। उसने अपने माता-पिता को इस घटना के बारे में कुछ नहीं बताया, लेकिन उसकी मां द्वारा बार-बार पूछने पर उसने सारी आपबीती सुना दी। जिसके बाद माता-पिता ने सोमवार को पुन्हाना थाने का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने कहा कि जब लड़की ३० जुलाई को घर नहीं लौटी तो उसके बाद भी गुमशुदगी की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस ने इस संबंध में पॉक्सो एक्ट के साथ ही भारतीय दंड संहिता की धारा ३४, ३६३, ३६६A, ५०६ और आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुन्हाना थाना प्रभारी किशन कुमार ने बताया कि मामले की जांच बुधवार को महिला थाने को स्थानांतरित कर दी गई है। टीमों का गठन किया गया था और संदिग्ध स्थानों पर छापे मारे गए थे, लेकिन आरोपी अभी फरार हैं। 

Leave a Reply