किशोरी को बेचने के लिए दलाल को फोन कर रहा था, नंबर SHO को लगा तो हुआ कुछ ऐसा

शादी का झांसा देकर एक युवक 17 वर्षीय किशोरी को बेचने के लिए दिल्ली लाया और कोठे के दलालों से संपर्क करने के चक्कर में कमला मार्केट थाने के एसएचओ से ही संपर्क कर लिया।

एसएचओ ने भी बिना पहचान बताए, सौदेबाजी शुरू कर दी। सौदा तय हो गया और बयाना भी दे दिया गया, लेकिन जैसे ही किशोरी को दिल्ली लाया गया, पुलिस ने उसे सकुशल मुक्त कराकर दो आरोपियों को दबोच लिया।

 

मध्य जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रणधावा ने बताया कि 19 नवंबर को कमला मार्केट थाना प्रभारी सुनील कुमार के पास एक कॉल आई। कॉलर ने एक सुंदर लड़की बेचने की बात की।

एसएचओ ने भी अपनी पहचान छुपाते हुए खुद को कोठा मालिक बताया और 20 नवंबर को डील के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन बुलाया। एसएचओ ने सौदा करने के लिए अपना आदमी भेजने की बात की।

 

टीम बनाकर मौके पर भेजा गया। रेलवे स्टेशन के बाहर सुपोल (बिहार) निवासी अमर मिला, उसने 3.50 लाख रुपये की मांग की, लेकिन सौदा 2.30 लाख में हुआ। अमर ने टीम के सदस्य को 21 नवंबर को गुरुग्राम के इफ्को चौक बुलाया। वहां किशोरी की फोटो दिखाई गई।

 

पुलिस की टीम ने 20 हजार रुपये एडवांस भी दिया और 22 नवंबर को लड़की नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लाने की बात हुई। जैसे ही अमर व उसका सहयोगी रंजीत शाह लड़की को लेकर पहुंचे दोनों को दबोच लिया गया।

Leave a Reply