किसानों का एक और ऐलान:

किसानों का एक और ऐलान:किसान 1 फरवरी को बजट के दिन संसद तक मार्च करेंगे, 26 जनवरी की ट्रैक्टर रैली पर शाह के घर हाईलेवल मीटिंग
किसान नेताओं का दावा है कि 26 जनवरी को दिल्ली में निकाली जाने वाली परेड में 2 लाख ट्रैक्टर शामिल होंगे।
26 जनवरी को किसान संगठन दिल्ली बॉर्डर पर ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। इस बीच किसानों ने एक और ऐलान कर दिया है। किसान संगठनों का कहना है कि वो 1 फरवरी को संसद भवन तक पैदल मार्च करेंगे। इसी दिन सदन में बजट पेश किया जाना है।
5 हजार ट्रैक्टरों की मंजूरी, केवल सिंघु पर ही अभी 20 हजार ट्रैक्टर
उधर, ट्रैक्टर रैली को लेकर गृहमंत्री अमित शाह के घर हाईलेवल मीटिंग चल रही है। ट्रैक्टर परेड को पुलिस की मंजूरी मिलने के बाद अब इसकी सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर मंथन किया जा रहा है। पुलिस ने किसानों को 5 हजार ट्रैक्टर और 5 हजार लोगों को ही प्रदर्शन में शामिल होने की इजाजत दी है। जबकि, सिंघु बॉर्डर पर ही 20 हजार से ज्यादा ट्रैक्टर अभी मौजूद हैं। किसानों का दावा है कि सिंघु, टीकरी और गाजीपुर पर करीब एक लाख ट्रैक्टर पहुंचेंगे।
परेड के रूट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इस पर पुलिस और किसानों के अलग-अलग दावे हैं। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने सोमवार को कहा, 'किसान नेताओं से बातचीत के बाद ट्रैक्टर रैली के 3 रूट्स पर सहमति बनी है।'
दिल्ली पुलिस ने कहा- रैली में सीमा पार से हिंसा की साजिश, गड़बड़ी के लिए पाकिस्तान में 308 ट्विटर हैंडल बने
किसान नेता पंढेर बोले- अपने तय किए रूट पर परेड निकालेंगे
इससे पहले किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता एस एस पंढेर ने कहा, 'पुलिस ने वह रूट नहीं दिया जो हमने तय किया था, कल रात जब हमें यह बात पता चली तो हमारी कमेटी ने चर्चा की। हम आज शाम तक अपना रूट बताएंगे। हमने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से दोबारा अपील की थी, लेकिन कोई बीच का रास्ता नहीं निकल पाया। परेड तो हम उसी रूट पर निकालेंगे, जो हमने तय किया है।'
कुछ किसान नेताओं ने कहा- पुलिस का दिया रूट मंजूर नहीं; यह किसानों के साथ धोखा होगा
इस रूट पर पुलिस ने दी परेड की मंजूरी
सिंघु बॉर्डर: संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर, डीटीयू, शाहाबाद डेयरी, बरवाला, पूथ खुर्द, कंझावला, टी पॉइंट, बवाना टी पाइंट, कंझावला चौक, कुतुबगढ़, औचंदी बॉर्डर, खरखोदा टोल प्लाजा।
टीकरी बाॅर्डर: नांगलोई, बपरोला, नजफगढ़, फिरनी रोड, झरोडा बॉर्डर, रोहतक बाइपास (बहादुरगढ़), असोदा टोल प्लाजा।
गाजीपुर बॉर्डर: अप्सरा बाॅर्डर, हापुड़ रोड, भोपुर, आईएमएस कॉलेज, लालकुआं, गाजीपुर बॉर्डर।
दिल्ली पुिलस ने शर्तों के साथ दी NOC
ट्रैक्टर परेड के लिए दिल्ली पुलिस ने 37 शर्तों के साथ NOC दे दी है। इनमें कुछ प्रमुख शर्तें हैं-
तय रूट पर ट्रैक्टर परेड की इजाजत होगी।
भड़काऊ भाषण और हथियार की मनाही है।
5 हजार ट्रैक्टर ही परेड में शामिल हो सकेंगे।
5 हजार लोगों को परेड शामिल होने की छूट होगी।
ट्रैक्टर परेड सुबह 12 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे खत्म होगी।
2500 वॉलेंटियर किसान संगठन तय रूट पर देंगे।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारी तय रूट में ट्रैक्टर खड़ा नहीं करेंगे।
इमरजेंसी एवं जरूरी सेवा से जुड़े वाहनों को पास देंगे।
इन रास्तों पर किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन नहीं होगा।
परेड को अनुशासन में रखने के लिए किसानों ने बनाए कायदे
परेड में ट्रैक्टर और दूसरी गाड़ियां चलेंगी, लेकिन ट्रॉली नहीं जाएगी। जिन ट्राॅलियों में विशेष झांकी बनी है, उन्हें छूट रहेगी। पीछे से ट्रॉली की सुरक्षा कर के आएं।
अपने साथ 24 घंटे का राशन पानी पैक कर के आएं। ठंड से बचने का इंतजाम रखें।
परेड में शामिल हर वाहन पर किसान संगठन के झंडे के साथ राष्ट्रीय झंडा भी लगाएं। किसी भी पार्टी का झंडा न लगाएं।
कुछ लोग गड़बड़ी करना चाहते हैं, ऐसे लोगों पर एक्शन लेंगे- पुलिस
ट्रैक्टर परेड को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कहा कि कुछ लोग परेड की आड़ में गड़बड़ी करना चाहते हैं। ऐसे लोगों पर हमारी नजर है। तय रूट के नियम तोड़ने पर पुलिस एक्शन लेगी।
