किसानों के भारत बंद का मायावती ने किया समर्थन, आज सिंधु बॉर्डर जाएंगे केजरीवाल

नई दिल्ली | किसानों का कृषि कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है और ये लगातार व्यापक होता जा रहा है. किसानों ने अब तीनों कानून की वापसी की मांग कर दी है, जिसके लिए 8 नवंबर को भारत बंद बुलाया गया है. भारत बंद से पहले आज भी किसानों का हल्ला बोल जारी है. दूसरी ओर सरकार लगातार मंथन में जुटी हुई है. किसानों को अब राजनीतिक दलों, फिल्मी हस्तियों समेत अन्य समाज के तबकों का समर्थन मिल रहा है.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज किसानों से मिलने सिंधु बॉर्डर जाएंगे. इस दौरान उनके साथ कई मंत्री भी होंगे. दिल्ली सीएम यहां पर मौजूद किसानों के लिए हो रही व्यवस्था का जायजा लेंगे.
आज दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि नेशनल हाईवे-24 पर गाजियाबाद से दिल्ली का ट्रैफिक आंदोलन के चलते बंद रहेगा. दिल्ली आने के लिए लोगों को अप्सरा या भोपुरा या डीएनडी से सफर करने की सलाह दी गई है.
किसानों और सरकार के बीच अबतक पांच दौर की चर्चा हो चुकी है, जो विफल रही हैं. अब नौ दिसंबर को फिर बातचीत होगी, उससे पहले रविवार को केंद्र सरकार के कई मंत्रियों के बीच चर्चा हुई. और भविष्य की रणनीति पर मंथन किया गया. किसानों ने आठ दिसंबर यानी मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया है. कई राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, यूनियनों ने इसका समर्थन का ऐलान कर दिया है. इस दौरान इमरजेंसी सुविधाओं को छूट मिलेगी. लेकिन इसकी तैयारी आज से ही शुरू हो गई है. सिंधु बॉर्डर पर लगातार किसानों का जुटना जारी है.
