केंद्र सरकार ने संतुलित बजट पेश किया

Budget 2021: सीएम नीतीश ने कहा- केंद्र सरकार ने संतुलित बजट पेश किया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्रीय बजट पर कहा कि कोविड महामारी और राजस्व संग्रहण में दिक्कतों के बावजूद केन्द्र सरकार द्वारा संतुलित बजट पेश किया गया, यह स्वागत योग्य है। मैं एक संतुलित बजट प्रस्तुत करने के लिये केन्द्र सरकार को बधाई देता हूं। आम बजट (वर्ष 2021-22) के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021-22 के लिये 34.8 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है, जो वर्ष 2020-21 के अनुमानित बजटीय खर्च 30.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

सीएम नीतीश ने कहा कि 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में 41 प्रतिशत राशि राज्य सरकारों को दी जायेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में 2 लाख 23 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गयी है, जो गत वर्ष से 137 प्रतिशत अधिक है। साथ ही नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ वर्ल्ड हेल्थ  की स्थापना की जायेगी।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत एक करोड़ अतिरिक्त परिवारों को एलपीजी सिलेंडर देने का निर्णय लिया है, जो स्वागत योग्य है। साथ ही गैस पाइपलाइन से 100 नये शहर जोड़े जायेंगे। सीएम नीतीश ने कहा कि सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वायु प्रदूषण रोकने के लिये राशि दी जायेगी। यह देश के पर्यावरण की रक्षा की दिशा में अच्छा कदम है। उन्होंने कहा कि प्री-पेड स्मार्ट मीटर  लगाने का बिहार सरकार ने पहले ही निर्णय लिया था। केन्द्र सरकार ने भी इस काम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 साल से ऊपर वाले पेंशनर को आयकर रिटर्न  जमा करने से मुक्त किया गया है, यह अच्छा है।

Leave a Reply