केन्द्रीय विद्यालय के पास मिली अज्ञात लाश

बिलासपुर । सुबह रेलवे क्षेत्र में एक अज्ञात लाश मिलने से हडक़ंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंसान कितना असंवेदनशील हो चुका है और आसपास घट रही घटनाओं से वह सरोकार नहीं रखता। इसका एहसास एक बार फिर आज सुबह उस वक्त हुआ जब सडक़ किनारे एक व्यक्ति की लाश पड़ी रही और उस से बेखबर लोग बगल से ही गुजर गए। किसी ने भी यह जानने तक की कोशिश नहीं की कि आखिर सडक़ किनारे पड़े व्यक्ति को कोई तकलीफ है या फिर उसके साथ कोई हादसा हो चुका है। दरअसल, रेलवे कॉलानी में मौजूद केंद्रीय विद्यालय के पास नाली किनारे एक अधेड़ व्यक्ति औंधा पड़ा था। सुबह कई लोगों ने इस सडक़ से गुजरने के दौरान उसे देखा लेकिन किसी ने भी यह जानने की कोशिश नहीं की कि वह ऐस क्यों पड़ा है। कुछ लोगों ने घंटों बाद इसकी सूचना तोरवा में दी। जिसके बाद करीब 9.00 बजे पुलिस पहुंची तो देखा कि सडक़ किनारे पड़े व्यक्ति की मौत हो चुकी है। ऐसा माना जा रहा है कि इस व्यक्ति की मौत सोमवार रात को ही हो चुकी थी और उसकी लाश बिल्कुल सडक़ के किनारे रात भर पड़ी रही। यहां से इस बीच हजारों लोग गुजर गए। यहां तक कि पुलिस भी गुजरी होगी क्योंकि पुलिस खुद गश्त का दावा करती है। गुरू नानक चौक से लेकर तोरवा थाने के बीच जाहिर तौर पर गश्त हुआ होगा। थाने से कुछ कदम की दूरी पर एक व्यक्ति की लाश पड़ी रही और तोरवा को इसकी हवा तक नहीं लगी। खैर जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने लाश की तलाशी ली तो उसके पास से कोई भी पहचान के दस्तावेज नहीं मिले। इसलिए मृतक की पहचान नहीं हो पाई है मृतक की उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वहीं माना जा रहा है कि शराब के नशे की वजह से उसकी जान गई होगी। वैसे मृतक के नाक से खून बहने के निशान भी मिले हैं। लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है। जिसके बाद ही आगे की तफ्तीश शुरू होगी।

Leave a Reply