कोकीन के 91 कैप्सूल निगलकर एयरपोर्ट पहुंची थी महिला, मामूली चूक से पहुंची सलाखों के पीछे

 

 

नई दिल्ली । इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) एयरपोर्ट पर कोकीन के 91 कैप्सूल को निगलकर पहुंची युगांडा मूल की एक महिला को कस्टम के अधिकारियों ने पकड़ा है। पकड़े जाने के बाद महिला को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां पर महिला के पेट से कैप्सूल निकाले गए। इन कैप्सूल में कुल 992 ग्राम कोकीन भरे हुए थे। महिला के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

कस्टम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपित महिला नाइजीरिया के लागोस शहर से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची थी। टर्मिनल-3 पर इमिग्रेशन क्लीयरेंस के बाद जब महिला बाहर निकली तो उसके चाल ढाल पर कस्टम के अधिकारियों को संदेह हुआ। अधिकारियों ने जब पूछताछ की तो वह सहयोग नहीं कर रही थी। इसके बाद महिला पर कस्टम अधिकारियों ने नजर रखनी शुरू कर दी।

महिला को चलने में दिक्कत हो रही थी। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने उसकी मदद करने की बात कही तो महिला ने किसी भी प्रकार की मदद लेने से इन्कार कर दिया। इससे कस्टम अधिकारियों का संदेह और बढ़ गया। एयरपोर्ट पर निकास गेट पर जब महिला पहुंची तो उसे रोककर कस्टम अधिकारियों ने फिर से पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कोकीन का कैप्सूल निगलने की बात स्वीकार की।

इसके बाद इसे अस्पताल ले जाया गया। बता दें, नौ दिसंबर को इसी रूट से भारत पहुंची 2838 ग्राम कोकीन के साथ कस्टम अधिकारियों ने नाइजीरिया की महिला को पकड़ा था। इस वर्ष विभाग ने नशीला पदार्थ तस्करी के 24 मामलों का पर्दाफाश किया है।

 

Leave a Reply