कोरोना के कारण चैत्र नवरात्रि में कच्छा आशापुरा माताजी का मंदिर रहेगा बंद

कच्छ | कोरोना के केसों में लगातार वृद्धि को देखते हुए गुजरात के कई विख्यात मंदिर को आगामी 30 अप्रैल तक श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है| कच्छ जिला स्थित माता का मढ लगातार दूसरी चैत्र नवरात्रि पर बंद रहेगा| माता के मढ में आशापुरा माताजी बिराजमान हैं और इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि पर श्रद्धालु उनके दर्शन वंचित रहेंगे| हांलाकि नवरात्रि के दौरान मंदिर में होनेवाली सभी पूजा विधि पुजारियों की उपस्थिति में होगी| श्रद्धालु अपने घर बैठे यू ट्यूब के माध्यम से आशापुरा माता के दर्शन कर सकेंगे| कच्छ में कोरोना के केस तेजी से बढ़ने लगे हैं| जिसे देखते हुए बीते दिन विख्यात नारायण सरोवर और कोटेश्वर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दि गए हैं| जिसके बाद आज आशापुरा माताजी का मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने का फैसला किया है| मंदिर बंद रखने की घोषणा मंदिर के जागीर ट्रस्ट की ओर से की गई है| बता दें कि 13 अप्रैल से चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो रहा है और नवरात्रि के पावन अवसर पर आशापुरा मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जमावडा होता है| लेकिन कोरोना के कारण पिछले साल भी श्रद्धालु आशापुरा माताजी के दर्शन से वंचित रहे थे और इस बार भी मंदिर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे| मंदिर के ट्रस्टी प्रवीणसिंह वाढेर ने बताया कि मंदिर के जागीर ट्रस्ट के अध्यक्ष योगेन्द्रसिंह राजाबावा समेत ट्रस्टीगण ने कोरोना संक्रमण के कारण चैत्र नवरात्रि पर श्रद्धालुओं के लिए मंदिर बंद रखने का फैसला किया है|
