कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच जेलों में शुरू होगी नई व्यवस्था

बिहार: कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जेलों में नई व्यवस्था की जा रही है। नये पुरुष और महिला बंदी को 10 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जायेगा। जेल प्रशासन ने मुंगेर को पुरुष और लखीसराय जेल को महिला बंदियों के लिए क्वारंटाइन सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। भागलपुर और आसपास के जिलों में नये बंदियों के लिए यह व्यवस्था होगी। जल्द ही इसे शुरू कर दिया जायेगा। लखीसराय में महिला बंदियों के लिए क्वारंटाइन सेंटर होगा, ऐसे में वहां के पुरुष बंदी को भागलपुर स्थित कैंप जेल में शिफ्ट किया जा सकता है।
नये बंदियों को क्वारंटाइन करने की व्यवस्था जिन जिलों में स्थित जेल के लिए की गयी है, उनमें भागलपुर के अलावा, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, बांका और शेखपुरा शामिल हैं। इन जिलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद अगर अभियुक्त पुरुष होंगे तो उन्हें 10 दिनों के क्वारंटाइन के लिए मुंगेर जेल भेजा जायेगा जबकि महिला अभियुक्त होंगी तो उन्हें उतने ही दिनों के लिए लखीसराय भेज दिया जायेगा।
क्वारंटाइन की अवधि पूरी करने के बाद अभियुक्तों को संबंधित जिलों की जेल में वापस भेजा जायेगा। बंदियों को जेल भेजने से पहले कराई गई कोरोना जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी उन्हें क्वारंटाइन करना अनिवार्य होगा।
