कोरोना के मामलों में बड़ी गिरावट, आए 30941 मामले, 350 की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक बार फिर तेज गिरावट दर्ज की गई है। बीते करीब 5 दिनों से लगातार 40 हजार से अधिक मामले आ रहे थे। वहीं मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 30,941 नए मामले आए। वहीं इस दौरान 350 लोगों की मौत हो गई। उधर अकेले केरल में 19,622 नये मामले मिले हैं, जबकि गोवा में तीन मरीजों की मौत हुई है। इस समयावधि में 36,275 लोग डिस्चार्ज किए गए। मंत्रालय के अनुसार नए आंकड़ों के बाद देश में फिलहाल 3 लाख 70 हजार 640 एक्टिव केस, जबकि 3 करोड़ 19 लाख 59 हजार 680 डिस्चार्ज और मृतकों की संख्या 4 लाख 38 हजार 560 हो गई है।
 मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में देश में एक्टिव मामलों में 5684 की कमी दर्ज की गई है। देश में कोविड-19 के अभी तक 64 करोड़ टीके लगाए जा चुके हैं। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। सोमवार को कोविड-19 की 59 लाख 62 हजार 286 खुराक लगाई गई। मंत्रालय ने बताया कि देश में टीकाकरण कार्यक्रम की नियमित निगरानी और समीक्षा उच्चतम स्तर पर की जा रही है। बताया गया कि देश में अब तक 64 करोड़ 5 लाख 28 हजार 644 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इस बीच केरल में सोमवार को कोविड-19 के 19,622 नये मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर प्रदेश में 40,27,030 हो गयी जबकि 132 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 20,673 पर पहुंच गयी। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 1,17,216 नमूनों की कोविड-19 जांच होने के साथ संक्रमण की दर 16.74 प्रतिशत हो गयी है। राज्य में अब तक 3,13,92,529 नमूनों की कोविड-19 जांच हो चुकी है। विज्ञप्ति के मुताबिक त्रिशूर में कोविड-19 के सर्वाधिक 3,177 नये मरीज सामने आए। इसके बाद एर्णाकुलम में 2,315 और कोझिकोड में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,916 नये मामले सामने आए हैं। केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 22,563 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 37,96,317 हो गयी। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 2,09,493 हो गयी है। इस बीच, गोवा में सोमवार को कोविड-19 के 59 नये मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर प्रदेश में 1,73,850 हो गयी जबकि तीन और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 3,198 पर पहुंच गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। गोवा में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 59 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 1,69,769 हो गयी। राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 883 हो गयी है। गोवा में बीते 24 घंटे के दौरान 3,966 नमूनों की कोविड-19 जांच की गयी। राज्य में अब तक 12,03,513 नमूनों की कोविड-19 जांच हो चुकी है।

Leave a Reply