क्रिकेट की गुणवत्ता खत्म हो रही : शोएब अख्तर 

लाहौर । पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने विश्व कप में क्रिकेट की गुणवत्ता’ पर सवाल उठाये हैं। इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘इस विश्व कप में जिस तरह से क्रिकेट खेला जा रहा है, मैं उससे खुश नहीं हूं। क्रिकेट की गुणवत्ता खत्म हो चुकी है। इसमें रन बनाना अब बहुत आसान हो गया है। वहीं गेंदबाजों के पास गुणवत्ता, गति और स्पिन नहीं है, जो कि 1990 और 2000 के दौर में हुआ करती थी।' उन्होंने कहा, ‘तीन पावरप्ले में 2 नई गेंदों के साथ गेंदबाजी करने से रन बनाना आसान हो गया है।’ अख्तर ने इंग्लैंड-न्यू जीलैंड मैच पर कहा, ‘न्यू जीलैंड ने जिस तरह का खेल दिखाया, उससे मैं बहुत निराश हूं। उन्होंने जरा सा भी संघर्ष नहीं किया और इंग्लैंड के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने विश्व स्तरीय क्रिकेट नहीं खेला।’ इस पूर्व तेज गेंदबाज ने इस विश्व कप में पाकिस्तान के बाहर होने पर कहा, ‘हमें वेस्ट इंडीज के खिलाफ मैच हारने का नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ हमारा मैच बारिश के कारण नहीं हो पाया फिर ऑस्ट्रेलिया से हम हार गए, जोकि हमें जीतना चाहिए था।’ इन तीन मैचों से पाक की रहा कठिन हो गयी थी।’ 

Leave a Reply