खेल की दुनिया में एक दिन में दो बड़े हादसों से हर एक का दिल दहल गया

नई दिल्ली. खेल की दुनिया में एक दिन में हुए दो बड़े हादसों से हर किसी का दिल दहल गया है. एक हादसा यूरो कप के दौरान डेनमार्क के खिलाड़ी क्रिस्टियन एरिक्सन (christian eriksen) के साथ हुआ तो दूसरे हादसे का शिकार क्रिकेट मैदान पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2021) के दौरान फाफ डू प्लेसी (Faf Du Plessis) बने. दोनों खिलाड़ियों को सीधे अस्पताल ले जाया गया.
पूरी दुनिया एरिक्सन और प्लेसी के लिए दुआ मांग रही है. एरिक्सन की सेहत की बात करें तो उनकी स्थिति स्थिर है और अस्पताल में आगे के टेस्ट चल रहे हैं. वहीं फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए फाफ डू प्लेसी को आगे के उपचार के लिए मैदान से सीधे अस्पताल ले जाया गया. दोनों खिलाड़ियों के जल्द स्वस्थ होने के लिए हर कोई दुआ मांग रहा है.
यूरो कप 2021 में शनिवार रात डेनमार्क और फिनलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में क्रिस्टियन एरिक्सन मैच के दौरान मैदान पर गिर पड़े. इसके बाद मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए मैच को सस्पेंड कर दिया गया था. एरिक्सन को मैदान पर ही सीपीआर दिया गया. मैच को दोबारा भारतीय समयानुसार रात 12 बजे फिर शुरू किया जाएगा. मैदान पर एरिक्सन की टीम के साथी खिलाड़ी रोते दिखे.
वहीं पेशावर टीम की पारी के सातवें ओवर की चौथी गेंद पर क्वेटा ग्लैडिएटर्स के फाफ फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए. डेविड मिलर ने लॉन्ग ऑन दिशा में शॉट खेला. गेंद को पकड़ने के लिए फाफ और हसनैन ने दौड़ लगाई लेकिन बाउंड्री के पास फाफ गेंद को पकड़ने के दौरान गिर पड़े. उनके सिर पर हसनैन का पैर लगा और वह इसके बाद मैदान पर ही लेट गए. बाद में उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा.
