गढ़चिरौली हमला एफआइआर में गणपति, बासवराज भी नामजद

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक मई को हुए आइईडी विस्फोट मामले की एफआइआर में पुलिस ने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) के शीर्ष नेताओं सहित कम से कम 120 अन्य को नामजद किया गया है। इस विस्फोट में क्विक रिस्पांस टीम के 15 पुलिसकर्मी और एक चालक की मौत हो गई थी। यह घटना कुरखेड़ा तहसील के जामभुरखेड़ा गांव में हुई।
पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच अगले दो दिनों में पूरी हो जाएगी। घटना के बाद कुरखेड़ा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) शैलेश काले को अवकाश पर भेज दिया गया है। एफआइआर में सीपीआइ (माओवादी) के पूर्व महासचिव मुपाला लक्ष्मण राव उर्फ गणपति, वर्तमान प्रमुख नांबाला केशव राव उर्फ बासवराज, मालोजुला उर्फ वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति, कातकम सुदर्शन, सत्यनारायण रेड्डी, मिलिंद तेलतुंबडे, भास्कर राव हिचकानी को भी नामजद किया गया है।
गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक शैलेश बालकावड़े ने रविवार को कहा कि नक्सली हमले की जांच के लिए कई जांच दल गठित किए गए हैं। उन्होंने आगे बताया पुराडा थाने में नक्सलियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मुखबिर होने के संदेह में एक आदमी की हत्यागढ़चिरौली के भामरगढ़ इलाके में नक्सलियों ने एक आदमी की हत्या कर दी। नक्सलियों को उस आदमी पर पुलिस का मुखबिर होने का संदेह था। पुलिस ने रविवार को बताया कि वह आदमी भामरगढ़ में नैरवाड़ी का निवासी था। समीप के मारधर गांव से शनिवार रात एक शादी समारोह से नक्सलियों ने उसका अपहरण कर लिया और रविवार सुबह उसका शव बरामद हुआ। मृत व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है और जांच की जा रही है।
