गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर यादव ने ली बैठक

जयपुर । सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव दिनेश यादव ने एसएमएस स्टेडियम जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह-2021 की तैयारियों को लेकर बैठक ली। सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित विभागों के अधिकारियों से विभागवार बिंदुओं पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
दिनेश यादव ने अधिकारियों से कहा कि कोरोना महामारी को देखते हुए संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूर्णत: पालन किया जाए। उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन और मास्क का विशेष रूप से ध्यान रखने के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्थाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी, परेड, साफ सफाई, मंच की व्यवस्था, पेयजल, बिजली आदि की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के कहा। उन्होंने कहा कि सभा स्थल की सुरक्षा, यातायात तथा पार्किंग की व्यवस्था व मुख्य इमारतों पर सजावट और रोशनी की व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं. इस अवसर पर जयपुर विकास प्राधिकरण, कार्मिक, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पीएचईडी, पुलिस, जेवीवीएनएल, चिकित्सा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क, स्टेट मोटर, शिक्षा, पुरातत्व तथा स्वायत्त शासन आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
