गुजरात में खौफ में उत्तर भारतीय, CM के दावों के बाद भी हो रहे हमले

नई दिल्ली, गुजरात में बीते कुछ दिनों में हुए उत्तर भारतीय लोगों पर हमले ने हर किसी को हैरान कर दिया है. उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग इन हमलों में निशाने पर हैं. इन दोनों प्रदेशों के लोगों को डर के मारे गुजरात छोड़ने पर मजबूर होना पड़ रहा है.
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने दावा किया था कि पिछले 48 घंटों में कोई भी घटना नहीं हुई है. लेकिन CM का ये दावा उस वक्त फेल होता हुआ नजर आया जब ये खबर आई कि अहमदाबाद में करीब 47 उत्तर भारतीयों को बंधक बना लिया गया है.
गौरतलब है कि गुजरात के साबरकांठा जिले में 14 माह की बच्ची से बलात्कार की घटना के बाद गैर-गुजरातियों पर हमले शुरू हो गए. जिसके बाद कई क्षेत्रों से यूपी-बिहार के लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है.
इन हमलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुजरात सीएम से बात की और सुरक्षा का हाल-चाल लिया. दोनों का बयान है कि गुजरात सीएम ने उन्हें इस तरह की घटनाओं पर कड़े एक्शन लेने का भरोसा दिया है.
