गुणवैभव पुरस्कार से सम्मानित हुए यमाजी मालकर, प्रभाकर भोसले व डॉ. मनीषा जगताप 

इन्दौर । संस्था 'पत्र सारांश प्रतिष्ठान' द्वारा पहली बार इन्दौर में गुणवैभव पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। ख्यात लेखक और वक्ता डॉ. सच्चिदानन्द शेवडे के मुख्य आतिथ्य में इन्दौर प्रेस क्लब के राजेन्द्र माथुर सभागृह में आयोजित इस 21वें गुणवैभव पुरस्कार समारोह में डॉ. शेवडे के हाथों चयनित मराठी दीवाली अंक थिक पॉजेटिव, पुणे के अतिथि सम्पादक यमाजी मालकर व सम्पादक प्रभाकर भोसले तथा अमितव की सम्पादिका डॉ. मनीषा जगताप (नासिक) को गुणवैभव पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें स्मृतिचिन्ह, प्रशस्ति पत्र और 5-5 हजार की पुरस्कार राशि भेंट की गई। 
उल्लेखनीय है कि इन्दौर के जाने-माने बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी श्रीकृष्ण बेडेकर ने 20 वर्ष पूर्व पुणे में 'पत्र सारांश प्रतिष्ठान' संस्था की स्थापना की थी। इस संस्था के जरिये वे प्रतिवर्ष श्रेष्ठ मराठी दीवाली अंक को गुणवैभव पुरस्कार प्रदान करते हैं। अब तब 20 दीवाली अंकों को उनके गाँव में समारोह आयोजित कर पुरस्कृत करते रहे है। इसी कड़ी में पहली बार 21वां गुणवैभव पुरस्कार समारोह इन्दौर में संम्पन्न हुआ। 
गुणवैभव पुरस्कार से नवाजे गए यमाजी मालकर, प्रभाकर भोसले ने पुरस्कार के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पॉजेटिव दीवाली अंक निकालने का उद्देश्य सकारात्मक बातों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस दीवाली अंक में दिए गए आलेखों के जरिये अकेलेपन को अवसर में बदलने पर जोर दिया गया है। अकेलेपन से आनंद का सफर कैसे तय किया जा सकता है, इसी बात को थिंक पॉजेटिव में प्रमुखता से उठाया गया है। पुरस्कृत दीवाली अंक अमितव की सम्पादिका डॉ. मनीषा जगताप ने कहा कि वे पेशे से गायनोकोलॉजिस्ट हैं। साहित्यकारों के संपर्क में आने से उन में साहित्य और लेखन के प्रति रुचि जागृत हुई। इसी का परिणाम अमितव के प्रकाशन के रूप में सामने आया। डॉ. जगताप ने बताया कि अमितव का मतलब असीमित होता है। अपने दूसरे अंक में उन्होंने, संघर्ष कर समाज में अपनी पहचान बनानेवाली महिलाओं को स्थान दिया है।
:: उपस्थित विशेष श्रोताओं का सम्मान :: 
प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, डॉ. सूरजमल जैन, स्वदेश शर्मा, उदय इंगले, परशुराम गीद, अभय माणके, मोहम्मद जफर, प्रवीण चग्हाण, दिलीप भालेराव और सोनाली हर्डिकर का भी डॉ. शेवडे ने विशेष भेंट वस्तु देकर सम्मानित किया।
:: प्रेस क्लब ने किया बेडेकर का सम्मान :: 
कार्यक्रम के दौरान इन्दौर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने श्रीकृष्ण बेडेकर को अच्छे उपक्रम के लिए बधाई देते हुए सम्मानित किया।

Leave a Reply