गुरुग्राम के लाखों लोगों को तोहफा 

गुरुग्राम । हरियाणा के  पुराने  गुरुग्राम में दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए बनाई गई योजना में एक बार फिर परिवर्तन किया जा रहा है। अब दिल्ली मेट्रो का विस्तार एक्सप्रेस-वे स्थित श्याम चौक से आगे बढ़ाकर एंबियंस मॉल के सामने रैपिड मेट्रो स्टेशन तक किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे के ऊपर से दिल्ली मेट्रो को रैपिड मेट्रो से जोड़ा जाएगा। प्रदेश सरकार की मंशा है कि कुछ देर भले ही हो लेकिन दिल्ली मेट्रो का विस्तार इस तरह किया जाए जिससे लगभग पूरा शहर कवर हो जाए। इसी दिशा में योजना में एक बार फिर परिवर्तन किया जा रहा है। फिलहाल पुराने गुरुग्राम में हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, सेक्टर-37, सेक्टर-10, सेक्टर-10ए, सेक्टर-9, सेक्टर-9ए, ईएसआइ हॉस्पिटल, सेक्टर चार-पांच चौक से होते हुए रेलवे स्टेशन तक एवं आगे रेलवे स्टेशन से पालम विहार, उद्योग विहार से होते हुए श्याम चौक तक कॉरिडोर विकसित करने की योजना है।
अब विचार है कि श्याम चौक तक दिल्ली मेट्रो को पहुंचाने की बजाय इसे सीधे एंबियंस मॉल के सामने रैपिड मेट्रो स्टेशन से जोड़ दिया जाए। योजना में परिवर्तन से राइट्स (रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्वे) को फिर से डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर काम करना होगा। फिलहाल श्याम चौक तक की डीपीआर तैयार है। इसे प्रदेश सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने का इंतजार है। योजना में परिवर्तन से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर की डीपीआर के ऊपर काम करना होगा। श्याम चौक के सामने एक्सप्रेस-वे के ऊपर से सिस्टम विकसित किया जाएगा। रैपिड मेट्रो स्टेशन से दिल्ली मेट्रो को जोड़ने की योजना बेहतर है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट के वाइस चेयरमैन राव विवेक सिंह ने बताया कि यह सही है कुछ देर भले ही हो जाए लेकिन योजना ऐसी बने कि आगे किसी भी स्तर पर कमी न दिखाई दे। शहर में ट्रैफिक का दबाव दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इसे कम करने के लिए अधिकतर इलाकों को मेट्रो से जोड़ना होगा। एक बार काम शुरू होने के बाद उसमें परिवर्तन करना संभव नहीं होता है। गुरुग्राम जीएमडीए के सीईओ वी उमाशंकर ने बताया कि एंबियंस मॉल के सामने रैपिड मेट्रो स्टेशन से विस्तारित शाखा को जोड़ने से काफी लाभ होगा। लोग कहीं से भी किसी भी इलाके में आसानी से आ-जा सकेंगे। इससे निजी वाहनों का प्रयोग काफी कम हो जाएगा। जल्द ही योजना में जो परिवर्तन किया जा रहा है, उस पर काम पूरा किया जाएगा। प्रयास यह किया जा रहा है कि प्लानिंग में कोई कमी न रह जाए।

Leave a Reply