गुलाब जामुन के कारण बराती-घराती में झगड़ा, 6 घायल

भिलाई। टंकी मरोदा के पास आयोजित शादी समारोह में मंगलवार की रात को घराती-बाराती के बीच जमकर मारपीट हुई। पार्टी में खाने के स्टॉल के बीच गुलाब जामुन का एक ही स्टॉल लगाया गया था। जहां पर काफी ज्यादा भीड़ थी। वहीं पर घराती और बारातियों के बीच विवाद हो गया। एक गुलाब जामुन को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर सिर फुटौव्वल हुआ। मामला नेवई थाने पहुंचा। जहां शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक टाटा लाइन कोहका की एक बारात मंगलवार की रात को टंकी मरोदा गई हुई थी। घरातियों ने टंकी मरोदा के ओवरब्रिज के पास पार्टी का इंतजाम किया था। वहां पर गुलाब जामुन का एक ही स्टॉल लगा था।
जहां काफी ज्यादा भीड़ बढ़ने के कारण लोगों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई थी। इसी बात को लेकर विवाद होता देख दूल्हे के भाई पुरुषोत्तम जंघेल और उसके साथियों जितेंद्र कुमार, प्रदीर लिल्हारे व अन्य लोगों के साथ विवाद कर रहे लोगों को समझाइश देने गया। जहां घराती पक्ष के लोग और ज्यादा उलझ गए।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना में दूल्हे के भाई पुरुषोत्तम जंघेल, प्रदीप लिल्हारे, जितेंद्र कुमार और पुरुषोत्तम देवांगन को चोटें आई। वहीं घराती पक्ष में दुल्हन के पड़ोस में रहने वाले राकेश कुमार शाह और रुपेश शाह घायल हुए हैं। पार्टी मौजूद अन्य लोगों ने विवाद को शांत कराया।
इसके बाद दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे। प्रार्थी पुरुषोत्तम जंघेल की शिकायत पर घराती पक्ष के राकेश कुमार शाह और रुपेश शाह के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं राकेश कुमार शाह की शिकायत पर बाराती पक्ष के पुरुषोत्तम जंघेल, जितेंद्र कुमार सोनी, प्रदीप लिल्हारे और पुरुषोत्तम देवांगन के खिलाफ उन्हीं धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

दर्ज हुई है एफआइआर
शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। – गौरव तिवारी, टीआइ, नेवई
 

Leave a Reply