गोली मारकर दलित युवक की हत्या, प्रेमिका और उसका दोस्त पर शक

गुरुग्राम । हरियाणा के गुरुग्राम में दिनदहाड़े एक दलित छात्र की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 12वीं क्लास के छात्र रोहित के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले युवक ने उनके बेटे को गोली मारी है। उन्होंने पुलिस के हवाले से कहा कि रोहित की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई है। रोहित की दोस्त शिवानी ने फोन कर उसे धोखे से बाहर मिलने बुलाया, जिसके बाद गांव के ही युवक ने रोहित की हत्या कर दी। मामला बुधवार का है, जब दोपहर करीब 3 बजे छात्र रोहित उर्फ अजय को उसकी दोस्त शिवानी ने फोन कर धोखे से गांव के बाहर मिलने बुलाया। शिवानी के साथ उसका दूसरा दोस्त अर्चित भी मौजूद था। घटना के बाद पुलिस को फोन पर जानकारी मिली कि अर्चित ने रोहित को गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया है, वहीं,आरोपी युवक मौके से फरार हो चुका था।
परिजनों का आरोप है कि गांव में रहने वाले युवकों ने पहले भी कई बार जातिसूचक शब्द कहकर उनके लड़के के साथ मारपीट की है। परिजनों का आरोप है कि गोली मारने वाला आरोपी अर्चित गांव का दबंग है, जिसके परिवार पर पहले भी कई बार हत्या के आरोप लगते रहे हैं। बताया जा है कि इससे पहले भी रंजिश के चलते विवाद हुआ था, जिसमें दबंगों ने उनकी गाड़ी और दुकानों में आगजनी की थी। इसके बाद अब उन लोगों ने रोहित की हत्या कर दी। बहरहाल, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने रोहित (मृतक) की दोस्त शिवानी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
