गोवा पुलिस को चमका देकर चलती ट्रेन से कूदा शा‎‎तिर कैदी, अस्पताल में भर्ती 

कोटा । कोटा के गुडला स्टेशन में गोवा पुलिस को चमका देकर एक कैदी चलती ट्रेन से कूद गया। इस घटना में कैदी गंभीर रुप से घायल हो गया और उसे इलाज के ‎लिए एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोवा पुलिस ने मामले की रिपोर्ट कोटा जीआरपी थाने में भी दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया कि गोवा पुलिस के चार जवान धोखाधड़ी के आरोपी हरियाणा निवासी समशेर सिंह को लेकर निजामुद्दीन-मढ़गांव राजधानी एक्सप्रेस से जा रहे थे। तभी आरोपी कैदी चकमा देने के लिए ट्रेन स कूद गया। पुलिस के अनुसार ट्रेन से लाते वक्त कैदी समशेर ने रास्ते में शौचालय जाने की इच्छा जताई। इस पर पुलिस वाले समशेर को शौचालय ले गए। गुडला और चंबल नदी के बीच पटरियों का काम चलने पर राजधानी धीमी रफ्तार से दौड रही थी। ऐसे में समशेर चलती ट्रेन से कूद गया। चलती ट्रेन से कूदने पर शमशेर के सिर और शरीर में अन्य जगह गहरी चोट लगी है।
जानकारी के मुता‎बिक, गंभीर रुप से घायल शमशेर पटरी से दूर सरक कर बैठ गया और बाद में उठकर जाने लगा। इसी दौरान उसे चक्कर आ गए और वह पटरियों के पास गिर गया। बाद में शमशेर रेल कर्मचारियों को पटरियों के पास पड़ा नजर आया। कर्मचारियों ने मामले की सूचना गुडला स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने कोटा कंट्रोल रुम और आरपीएफ को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। वहीं, ट्रेन कोटा पहुंचने पर गोवा पुलिस को समशेर के फरार होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने सभी कोचों और शौचालय में समशेर की तलाश शुरु की। काफी तलाशी के बाद भी समशेर के नहीं मिलने पर पुलिस ने रेलवे से आग्रह कर ट्रेन को रामगंजमंडी रुकवाया। इसके बाद पुलिस वालों ने मामले की जानकारी आरपीएफ और जीआरपी को दी। सूचना के बाद आरपीएफ ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज गोवा पुलिस वालों को दिखाई। फोटो मे समशेर स्टेशन पर ट्रेन से उतरता नजर आया। इसके बाद मौके पर पहुंचे आरपीएफ ने घायल समशेर की फोटो अधिकारियों को भेजी। फोटो के आधार पर गोवा पुलिस ने समशेर के रुप में पहचान की। इसके बाद मौके पर पहुंचे गोवा पुलिस के जवान और जीआरपी वाले समशेर को मालगाड़ी में लेकर कोटा पहुंचे। अब गोवा पुलिस वाले समशेर की तिमारदारी में लगे हुए थे। जीआरपी ने बताया कि गोवा पुलिस ने रिपोर्ट दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply