ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस: बेटे ने कबूली मां-बहन के कत्ल की बात!

नोएडा पुलिस ने शनिवार को मां-बेटी की हत्या के मामले की सुलझाने का दावा किया. पुलिस ने बताया कि मामले में संदिग्ध नाबालिग बेटे को वाराणसी से पकड़ा है. पुलिस ने बताया कि उसने पूछताछ में अपनी मां और बहन के कत्ल की बात कबूल कर ली है.

इस मामले में नोएडा के एसएसपी लव कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे क्राइम फाइटर गेम कोई वजह नहीं थी. पढ़ाई में कमजोर होने की वजह से उसे हमेशा परिवार में डांट मिलती थी. वहीं बार-बार डांट की वजह से इस नाबालिग बच्चे ने मां और अपनी बहन को बैट और बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी.

बता दें कि गौड़ सिटी-2 के फ्लैट नंबर 1446 में मंगलवार रात को अंजलि अग्रवाल और बेटी मणिकर्णिका की लाश कमरे में खून से लथपथ मिली थीं. वहीं मौके पर पुलिस को खून से सना एक बैट बरामद हुआ था. वारदात के बाद से घर का 15 साल का बेटा गायब था.

सीसीटीवी फुटेज में सोमवार रात 8 बजे आरोपी लड़का मां और बहन के साथ फ्लैट में जाता देखा गया था. इसके बाद आखिरी बार रात 11.30 बजे उसे अकेले फ्लैट से बाहर आता देखा गया, लेकिन इस बार उसके कपड़े बदले हुए हैं. पीछे बैग है और हाथ में मोबाइल फोन था.

नाबालिग बेटे पर अपनी मां-बहन की हत्या करने का शक तो उसी वक्त हो गया था, जब घर पर मां-बेटी लाश पड़ी थी और बेटा घर से गायब था. घर में न तो बाहर से घुसने के निशान थे, न लूटपाट के निशान और न ही कोई कीमती चीज गायब थी.

सिर्फ दो लाशें और घर में रहने वाला तीसरा सदस्य गायब, लेकिन किसी भी दावे से पहले बेटे का मिलना जरूरी था. लिहाजा इस केस में पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी बेटा ही था, जिसे पुलिस ने वाराणसी से बरामद करके इस सनसनीखेज हत्याकांड पर से पर्दा उठा दिया.

Leave a Reply