ग्वालियर में 30 लाख का माल उड़ा ले गए चोर, दिनदहाड़े लूटा घर, पुलिस से चोर बहुत दूर

ग्वालियर. शहर में चोर गिरोह के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है, SP ऑफिस के पीछे पटेल नगर में दिनदहाड़े चोरी हो गई. चोर गिरोह प्रॉपर्टी कारोबारी के मकान के ताले चटका कर 45 तोला सोना, 10 लाख रुपए नकद, हीरे की अंगूठी समेत 30 लाख का माल चुरा ले गए. वारदात शनिवार दोपहर 2:30 से 4 बजे के बीच पटेल नगर की है. चोरी का पता शाम को परिवार के लौटने पर चला. अंदर सामान बिखरा पड़ा देख पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के बाद शनिवार रात मामला दर्ज किया है. CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं. सिटी सेंटर SP ऑफिस के पीछे पटेल नगर में H-840 निवासी धर्मेश बुकोलिया (49) पुत्र ज्ञान प्रकाश बुकोलिया प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं. शनिवार को वह दोस्त महेन्द्र खत्री के साथ किसी काम से गए थे. घर पर धर्मेश की पत्नी दीपा बुकोलिया अकेली थीं. दोपहर 2:30 बजे दीपा भी घर को लॉक कर बाजार चली गईं. शाम 4 बजे लौटीं, तो देखा कि मुख्य दरवाजे के लॉक में चाबी लग नहीं रही थी. गेट अंदर से लॉक था. वह घबरा गईं और पति को सूचना दी. वह घर पहुंचे. धर्मेश और महेन्द्र ने धक्का मारकर दरवाजा खोला. अंदर देखा, तो घर में सामान बिखरा पड़ा था. धर्मेश ने रूम में जाकर देखा, तो वहां अलमारी में रखे जेवरात, नकदी गायब थे. सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस पहुंची.
