घर के अंदर कुआं खोद रहे शख्‍स को ‎मिला 7.43 अरब का नीलम

कोलंबो । हमारे पडौसी देश श्रीलंका में घर में कुआं खोद रहे एक शख्स के हाथ दुनिया का सबसे बड़ा नीलम का पत्‍थर हाथ लग गया। इसकी कीमत अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में 10 करोड़ डॉलर या 7 अरब 43 करोड़ 75 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। इसकी विशालता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यह नीलम 25 लाख कैरेट का है। इस विशाल नीलम का वजन करीब 510 किलोग्राम है। माना जा रहा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा नीलम है।  एक रिपोर्ट के मुताबिक इस नीलम को पाने वाला परिवार रतनपुरा इलाके में तीन पीढ़ी से रत्‍नों की खरीद-फरोख्‍त करता रहा है। रतनपुरा को दुनिया में रत्‍नों की राजधानी कहा जाता है और इस खोज से विशेषज्ञ भी हतप्रभ हैं। एक रत्‍न विशेषज्ञ डॉक्‍टर गामिनी जोयसा ने कहा कि हमने इतना बड़ा नीलम पहले कभी नहीं देखा था। यह नीलम संभवत 40 करोड़ साल पहले बना था। विशेषज्ञों ने कहा कि इस पत्‍थर की कीमत करीब 7.43 अरब रुपये है। नैशनल जेम एंड जूलरी अथॉरिटी के चेयरमैन तिलक वीरासिंघे ने कहा कि यह बेहद खास स्‍टार नीलम है और संभवत: दुनिया में सबसे बड़ा है। इसके आकार और कीमत को देखते हम समझते हैं कि यह किसी निजी संग्रह करने वाले या फिर म्‍यूजियम के लिए काम का है।'इस नीलम के मालिक गामेज ने कहा, 'जो व्‍यक्ति कुएं की खुदाई कर रहा था, उसने हमें तत्‍काल किसी दुर्लभ पत्‍थर के बारे में अलर्ट किया।' गामेज ने तत्‍काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। नीलम की यह खोज एक साल पहले हुई थी। यह नीलम इतना बड़ा था कि उसे साफ करने में एक ही साल लग गए। इसके बाद इसकी ठीक ठीक जांच करके उसे प्रमाणित किया गया।

Leave a Reply