घर में चल रही थी शादी की तैयारियां, अचानक घुस आया मगरमच्छ, हड़कंप

कोटा. कोचिंग सिटी से क्रोकोडाइल सिटी बनते जा रहे कोटा (Kota) में एक बार फिर मगरमच्छ देखा गया है. मगरमच्छ एक घर में घुस गया. उस वक्त घर में शादी समारोह (Wedding ceremony) की तैयारियां चल रही थी. मगरमच्छ को देखकर वहां अफरातफरी मच गई. मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को काबू कर डैम में छोड़ा. लगातार मगरमच्छ के निकलने से शहर में हड़कंप मच गया है.
मानपुरा इलाके में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ निकलने की यह घटना शहर के मानपुरा इलाके की है. मानपुरा निवासी पुलिस निरीक्षक भंवर सिंह हाड़ा के घर में शादी है. शनिवार को शादी समारोह की तैयारियां चल रही थी. मजदूर टेंट लगाने का काम कर रहे थे, उसी दौरान करीब 3 फीट का मगरमच्छ अचानक वहां आ धमका. मगरमच्छ को देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. सूचना पर आसपास के लोग भी वहां एकत्र हो गए. लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी.
मगरमच्छ को सावनभादो डैम में छोड़ा
सूचना पर लाडपुरा रेंज के रेंजर संजय नागर टीम के साथ वहां पहुंचे और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. वन विभाग के कर्मचारी वीरेंद्र सिंह हाड़ा और उनके साथ आए टीम के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर मगरमच्छ को काबू में किया. बाद में उसे मुकंदरा टाइगर रिजर्व के सावनभादो डैम में ले जाकर छोड़ा.
मगरमच्छ से परेशान शहरवासी
उल्लेखनीय है कि चंबल नदी किनारे बसे कोटा सिटी में पिछले काफी समय से मगरमच्छों ने लोगों की नींद हराम कर रखी है. चंबल नदी में काफी संख्या में मगरमच्छ हैं. इस वर्ष भारी बारिश के चलते चंबल नदी पर कोटा में बने कोटा बैराज से बार-बार काफी मात्रा में पानी छोड़ा गया. चंबल के इस पानी के कारण कोटा शहर में दो बार बाढ़ के हालात भी बन चुके हैं. चंबल में उफान के साथ ही मगरमच्छ नदी किनारे आ जाते हैं और यहां से वे आबादी क्षेत्र में घुस जाते हैं.
अब तक करीब 65 मगरमच्छ पकड़े गए
कई बार मगरमच्छ सड़कों पर घूमते दिखाई देते हैं. इस सीजन में वन विभाग नदी को छोड़कर कोटा सिटी में घुसे करीब 65 मगरमच्छों को पकड़ चुका है.
