चंडीगढ़ में एक दिन में 8400 लोगों ने लगवाया टीका

चंडीगढ़। ओमिक्रोन वैरिएंट और कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से देशभर में पहले जैसे हालात बनने लगे हैं। वहीं, चंडीगढ़ में भी कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शहर में ओमिक्रोन के तीन मरीज भी मिल चुके हैं। ऐसे में अब कोरोना वैक्सीनेशन पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। इसके चलते चंडीगढ़ में एक दिन में रिकार्ड टीकाकरण हुआ है। सोमवार को 8400 लोगों ने वैक्सीनेशन करवाया है। टीकाकरण का यह आंकड़ा बीते कई दिनों में सबसे ज्यादा है।

बता दें कि इससे पहले बीते एक हफ्ते में रोजाना औसत 3,994 लोगों का टीकाकरण किया गया। 114.75 फीसद यानी 9,67,368 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और 84.93 फीसद यानी 7,15,984 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। केंद्र से यूटी स्वास्थ्य विभाग को 8.43 लाख लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्षय मिला है।

शहर में कोरोना के सात नए संक्रमित मामले आए

बीते 24 घंटे में कोरोना के सात नए संक्रमित मामले दर्ज किए गए। इनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं संक्रमित पाई गईं। मनीमाजरा में दो, सेक्टर-10, 32, 33, 43 और 49 में एकएक संक्रमित मामला दर्ज किया गया। बीते एक हफ्ते में रोजाना औसत नौ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। अब तक 65,781 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। 103 कोरोना एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते 24 घंटे में 1,043 लोगों के कोविड सैंपल लेकर टेस्टिंग की गई।

1078 लोगों की संक्रमण से हो चुकी है मौत

स्वास्थ्य विभाग अब तक 8,62,483 लोगों के कोविड सैंपल लेकर टेस्टिंग कर चुका है। इनमें से 7,95,278 लोगों की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। टेस्टिंग के दौरान 1,424 लोगों के सैंपल तकनीकी खामियों की वजह से खारिज किए गए। पांच संक्रमित मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। 64,600 संक्रमित मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। 1,078 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है।

आज यहां आएगी मोबाइल टेस्टिंग टीम

शहर में मंगलवार को सात जगहों पर मोबाइल टेस्टिंग टीम आएगी। इन जगहों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक निशुल्क कोरोना टेस्ट किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मोबाइल टेस्टिंग (एमटी) टीम नंबर एक सेक्टर-26 पुलिस हॉस्पिटल, एमटी नंबर दो सेक्टर-17 आईएसबीटी, एमटी 45 ईएसआइ रामदरबार, एमटी एमएम कंटेनमेंट एरिया ईस्ट जोन और रेलवे स्टेशन, एमटी 22 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सेक्टर-23, एमटी 6 सेक्टर-29 ईएसआइ डिस्पेंसरी और एमटी 7 सेक्टर-26 सब्जी मंडी में लोगों का निशुल्क कोरोना टेस्ट किया जाएगा।

 

Leave a Reply