चुनाव प्रचार के आखिरी चरण के दौर में शराब पहुंचने की चर्चा शुरू

भिलाई। चुनाव प्रचार के आखिरी चरण के दौर में अब शराब और अन्य सामानों के पहुंचने की चर्चा शुरू हो गई है। जिले के चारों निकाय के कई वार्डों में भारी मात्रा में शराब मंगाए जाने की चर्चा है। पुलिस को भी मुखबिर से ये जानकारी मिली है। लेकिन, अभी तक चुनाव के दौरान शराब पिलाने का एक भी मामला पकड़ में नहीं आया है। हालांकि पुलिस का दावा है कि शराब की तलाश लगातार जारी है। बता दें कि जिले के चार निकाय भिलाई, रिसाली, भिलाई चरोदा और जामुल नगर पालिका परिषद क्षेत्र का आगामी 20 दिसंबर को आम चुनाव होना है। यहां पर प्रचार–प्रसार और प्रत्याशियों के जनसंपर्क के साथ ही पार्टी के नेताओं का दौरा भी चरम पर है। दोनों दल के नेता अपने–अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इसी बीच अब मतदाताओं को साधने और प्रलोभित करने के लिए शराब पिलाए जाने की भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अभी तक पुलिस या आबकारी विभाग ने किसी भी वार्ड से अवैध शराब जब्त नहीं की है। सिर्फ सुपेला पुलिस ने लक्ष्‌मी नगर मार्केट की एक दुकान की छत पर लावारिस हालत में पड़ी शराब को जब्त किया था। लेकिन, उसमें भी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी थी।

गुमटी, ठेले और नाश्ते के दुकानों में पर्ची दिखाने पर मिल रही शराब

इस बार किसी भी मतदाता के घर–घर जाकर उन्हें शराब नहीं दिया जा रहा है। बल्कि लोगों के घर पर कुछ पर्चियां दी गई हैं। जिसे चिन्हित गुमटी, ठेला या नाश्ते के दुकान पर दिखाने पर वहां से शराब दे दी जा रही है। पर्ची वाला सिस्टम चारों निकायों में चल रहा है। रिसाली निगम को चर्चा है कि जिन घरों के लोग शराब नहीं पीते हैं। उनके यहां मिठाई पहुंचाई जा रही है।

 

Leave a Reply